गुना शहर की त्रिमूर्ति कॉलोनी में 3 मई की रात एक शख्स ने फीमेल डॉग को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। इसका वीडियो भी अब सामने आया है। साहू धर्मशाला के सामने की गली में आरोपी ने कुत्ते को खाने का लालच देकर बुलाया था। कुत्ते की हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए आरोपी ने शव को बाइक से बांधकर घसीटा और दूर फेंक दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मोहल्ले की रहने वाली हार्दिका जैन ने सिटी कोतवाली में नामजद शिकायत दी। खाने का लालच देकर पास बुलाया, फिर किया हमला शिकायत के अनुसार, 3 मई की रात करीब 11 बजे आरोपी हाथ में खाना लेकर आया था। उसने डॉग्स को प्यार से अपने पास बुलाया। जैसे ही बेजुबान खाने के लालच में पास आए, आरोपी ने अचानक डंडे से हमला किया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल फीमेल डॉग ने तड़प-तड़पकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। सबूत मिटाने के लिए सड़क पर धोया खून डॉग की हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने घर से पानी लाकर सड़क पर फैला खून साफ किया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। इसके बाद आरोपी ने मृत डॉग को रस्सी से बांधा और बाइक से घसीटते हुए दूर फेंक दिया। वीडियो सौंपकर की सख्त कार्रवाई की मांग क्रूरत का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। शिकायतकर्ता हार्दिका जैन ने पुलिस को महत्वपूर्ण वीडियो फुटेज सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और वीडियो से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


