रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका के 10 मई को होने वाले चुनाव की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, पार्टियों का प्रचार भी जोर पकड़ने लगा है। आज भाजपा रेवाड़ी में डोर- टू-डोर अभियान चलाएगी और धारूहेड़ा में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव प्रचार के लिए मैदान में उतरेगी। सोमवार को प्रदेशध्यक्ष के एंट्री करवा चुकी कांग्रेस अब कुमारी सैलजा और दीपेंद्र हुड्डा को मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है। 8 मई की शाम 8 बजे प्रचार खत्म होने से पहले रेवाड़ी और धारूहेड़ा शहर की सत्ता पर कब्जा करने के लिए दोनों पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है। 12 उम्मीदवारों में सात महिलाएं रेवाड़ी नगर परिषद में चेयरमैन का पद एससी महिला के लिए आरक्षित है। यहां भाजपा की विनिता पीपल और कांग्रेस की नेहारिका चौधरी के साथ 4 निर्दलीयों में कांग्रेस की बागी पूर्व चेयरमैन शकुंतला भांडोरिया के अलावा डॉ. मीनू डहीनवाल, दीपिका पवार और उषा चुनाव लड़ रही हैं। धारूहेड़ा में सामान्य सीट पर कुमारी राज कांग्रेस की तरफ से एकमात्र महिला उम्मीदवार है। भाजपा ने अजय जांगड़ा को मैदान में उतारा है। निर्दलीयों में भाजपा के बागी निर्दलीय कंवर सिंह यादव क अलावा बाबूलाल लांबा, प्रदीप यादव और दिनेश यादव चुनाव मैदान में हैं। परशुराम कॉलोनी- कतोपुर में प्रचार सोमवार देर शाम कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने परशुराम कॉलोनी और कतोपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित कर कांग्रेस के प्रचार को धार दी। कांग्रेस की तरफ से मंगलवार को कुमारी सैलजा और बुधवार को दीपेंद्र हुड्डा के चुनाव प्रचार के लिए आने का कार्यक्रम है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने अपने संबोधन में रेवाड़ी को भाजपा के भ्रष्टाचार से छुटकारा दिलाने के लिए कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने की अपील की। इस दौरान पूर्व विधायक चिरंजीव राव, कांग्रेस के दोनों जिलाध्यक्ष सहित पार्टी पदाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।


