यमुनानगर शहर के आजाद नगर क्षेत्र में एक युवक पर देर रात अज्ञात हमलावर ने अचानक हमला कर दिया। डंडे से किए हमले में युवक के सिर पर गहरी चोट लगी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल की पहचान 35 वर्षीय रवि निवासी आजाद नगर गली नंबर छह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रवि शराब पीने का आदी है और देर रात वह ठेके के पास मौजूद था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उस पर हमला कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन और डायल 112 टीम मौके पर पहुंची। पुरिजनों का आरोप है कि पुलिस के सामने से आरोपी मौके से फरार हो गया। बेसूध हालत में खून से लथपथ मिला घायल के भाई प्रवीन ने बताया कि वह ऑटो चलाने का काम करता है। रात करीब साढ़े 10 बजे रवि के दो दोस्त उसके पास पहुंचे और बताया कि रवि गली नंबर दो के बाहर सड़क पर खून से लथपथ पड़ा हुआ है। यह सुनते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां का मंजर देख वे सन्न रह गए। रवि के सिर में गहरी चोट थी और वह बेसूध खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। परिजनों का कहना है कि पहली नजर में ऐसा लग रहा था कि युवक पर डंडों या किसी भारी वस्तु से बेरहमी से वार किया गया है। मौके पर डायल 112 की टीम भी मौजूद थी। इसके बाद घायल को तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। युवक की हालत काफी गंभीर घायल के भाई ने आरोप लगाया कि जिस युवक ने हमला किया, वह मौके पर ही मौजूद था, लेकिन डायल 112 की टीम के सामने से ही फरार हो गया। उनका कहना है कि पुलिस ने भी उन्हें बताया था कि इसी युवक ने रवि पर हमला किया है। हालांकि आरोपी की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है और न ही परिजन उसे जानते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। उधर रवि की हालत काफी गंभीर बनी हुई है।


