सम्राट पृथ्वीराज जन्मोत्सव समारोह समिति की बैठक आशापुरा माता धाम परिसर में हुई। इसमें जयंती समारोह को भव्य रूप देने का निर्णय लिया गया। इस वर्ष 14 मई को सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती 16 खंडों के लगभग 1100 गांवों में ग्रामोत्सव के रूप में मनाई जाएगी। जयंती का शुभारंभ आशापुरा माता धाम परिसर में सम्राट की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक और धर्म ध्वजारोहण से होगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके पश्चात 21 कुंडीय यज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा। गांवों में होगा पृथ्वीराज चौहान के आदर्शों का प्रचार
समिति के अनुसार 14 मई से 30 मई तक विभिन्न गांवों में सम्राट के जीवन और आदर्शों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके बाद 1 जून से 7 जून तक जिला स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित होगी। 7 जून को “मगरा के शहीदों को नमन” कार्यक्रम के तहत नरवर से दिवेर तक महापुरुषों एवं वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। 11 जून को चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता, जबकि 12 जून को चिकित्सा एवं जांच शिविर तथा शिक्षक संघ द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित होगा। मैराथन दौड़ में उमड़ेंगे लोग
14 जून को मगरा मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 15 वर्ष से अधिक आयु के धावक भाग ले सकेंगे। कार्यक्रमों का समापन 18 जून को विशाल जनसभा एवं निःशुल्क सामूहिक विवाह समारोह के साथ होगा। समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश चंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। बैठक में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष सेवानिवृत अति नेम सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन परियोजना सहप्रमुख पृथ्वी सिंह भोजपुरा ने किया। संयोजक धर्मेन्द्र सिंह लामाना, विहिप जिला अध्यक्ष सुरेश वैष्णव, परियोजना मंत्री नितेश गोयल, मोहन खंडेलवाल सहित कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


