दौसा में बारिश के साथ ओले गिरे:40 मिनट के तूफानी अंधड़ में पेड़-खंभे गिरे, हाईवे पर फंसे विधायक

दौसा में बारिश के साथ ओले गिरे:40 मिनट के तूफानी अंधड़ में पेड़-खंभे गिरे, हाईवे पर फंसे विधायक

दौसा जिले में बीते कई दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। रविवार रात जिले के सिकराय, महवा और बांदीकुई क्षेत्र के गांवों में भीषण अंधड़ के साथ बारिश हुई और कई जगहों पर ओले भी गिरे। तेज हवाओं के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रात करीब 9 बजे शुरू हुआ तूफानी अंधड़ लगभग 40 मिनट तक चला। इस दौरान कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। इसके कारण दर्जनों गांवों की बिजली सप्लाई पूरी रात बाधित रही और ग्रामीणों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। अंधड़ में फंसे महवा विधायक, 20 मिनट तक सड़क किनारे रुकी गाड़ी तेज अंधड़ और बारिश के दौरान महवा विधायक राजेन्द्र मीणा भी मानपुर के पास नेशनल हाईवे पर फंस गए। उन्होंने करीब 20 मिनट तक अपनी कार सड़क किनारे रोककर स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया, जिसके बाद अंधड़ थमने पर वे जयपुर के लिए रवाना हुए। मेहंदीपुर बालाजी और मानपुर में ओलों की सफेद चादर मेहंदीपुर बालाजी और मानपुर क्षेत्र में बारिश के साथ करीब 10 मिनट तक ओले गिरे। ओलों के कारण जमीन पर सफेद चादर बिछने जैसा दृश्य देखने को मिला, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर पेड़ गिरे, यातायात घंटों बाधित रहा अंधड़ के कारण जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर कई जगह पेड़ टूटकर गिर पड़े। धूलकोट गांव के पास पेड़ गिरने से यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा। स्थिति को देखते हुए वाहनों को डायवर्ट कर दूसरे रास्तों से निकाला गया। तापमान में गिरावट, लगातार बारिश से मौसम हुआ सुहावना जिले में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शनिवार को रात का तापमान 24.1 डिग्री था, जो रविवार को बढ़कर 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अलर्ट, 7 मई तक तेज हवा और बारिश की संभावना मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत 7 मई तक जिले में मेघगर्जन, अंधड़ और बारिश की संभावना जताई गई है। इसके चलते तापमान में और गिरावट आने की भी संभावना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *