राजेंद्र पेंसिया होंगे मुरादाबाद के नए डीएम:अनुज सिंह विशेष सचिव मुख्यमंत्री बने; 22 महीने मुरादाबाद के डीएम रहे, खुद हटना चाहते थे

शासन की ओर से देर रात जारी तबादला सूची में संभल के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया को मुरादाबाद का डीएम बनाया गया है। संभल जामा मस्जिद के पूर्व में हरिहर मंदिर होने के दावे के बाद उसका सर्वे कराने को लेकर राजेंद्र पेंसिया नेशनल लेवल पर सुर्खियों में रहे हैं। इधर, मुरादाबाद के जिलाधिकारी अनुज सिंह को मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के रूप में महत्वपूर्ण तैनाती मिली है। अनुज सिंह 22 महीने तक मुरादाबाद के डीएम रहे। इस दौरान उन्होंने कई कड़े फैसले लिए। अपने फैसलों पर डटे रहने के लिए भी उन्हें याद किया जाएगा। अनुज सिंह के समय में कुंदरकी उपचुनाव हुआ। उन्हें शासन के भरोसेमंद अफसरों में गिना जाता है। आईएएस अनुज सिंह ने 25 जून 2024 को मुरादाबाद के जिलाधिकारी के रूप में चार्ज लिया था। इसके बाद सरकारी तंत्र को सुधारने की दिशा में एक के बाद एक कई कदम उठाए। सरकारी भूमि को संरक्षित करने के मामले में उनके कई डिसीजन सुर्खियों में रहे। पिछले कई महीनों से अनुज सिंह खुद शासन में पोस्टिंग चाहते थे। उनकी पत्नी हर्षिता माथुर भी आईएएस अधिकारी हैं। वह लंबे वक्त तक रायबरेली की डीएम रही हैं। पिछले सप्ताह ही शासन ने उन्हें रायबरेली डीएम पद से हटाकर निदेशक, बाल विकास एवं पुष्टाहार/राज्य पोषण मिशन के रूप में लखनऊ में तैनाती दी है। वह ढाई साल तक रायबरेली की डीएम रहीं। पति-पत्नी दोनों ही फील्ड पोस्टिंग के बजाए पिछले कुछ समय से शासन में पोस्टिंग की कोशिशों में लगे थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *