ग्राम विकास अधिकारी बन महिलाओं से ठगी करने पहुंचा युवक:ग्रामीणों ने पकड़ा, जूता चटवा कर मंगवाई माफी

बूंदी जिले के हिंडोली क्षेत्र के काबरी गांव में खुद को ग्राम विकास अधिकारी बताकर महिलाओं से ठगी करने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। पोल खुलने पर ग्रामीणों ने आरोपी युवक को घेर लिया और सार्वजनिक रूप से उससे जूते चटवाकर माफी मंगवाई। आरोपी सरकारी योजनाओं और कॉलोनी पास कराने का झांसा देकर महिलाओं से 1000 से 2000 रुपए तक वसूल रहा था। ग्रामीणों ने मौके पर ही ठगे गए पैसे वापस करवाए। घटना शनिवार की बताई जा रही है, जिसका वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। सरकारी अधिकारी बनकर गांव में पहुंचा युवक जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक काबरी गांव पहुंचा और खुद को सरकारी अधिकारी बताते हुए ग्रामीणों से संपर्क करने लगा। उसने खासतौर पर महिलाओं को निशाना बनाया और कहा कि वह सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ कॉलोनी पास कराने की प्रक्रिया आसानी से करवा सकता है। महिलाओं से ऐंठे हजारों रुपए युवक की बातों में आकर कई महिलाओं ने उसे 1000 से 2000 रुपए तक दे दिए। आरोपी लोगों को भरोसे में लेकर उनसे नकदी वसूल रहा था। शुरुआत में ग्रामीणों को उसकी बातों पर विश्वास हो गया, लेकिन बाद में उसके व्यवहार और जवाबों पर शक होने लगा।
पहचान पत्र मांगते ही खुल गई पोल ग्रामीणों ने जब युवक से उसके पद, विभाग और सरकारी पहचान पत्र के बारे में पूछा तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद वह घबरा गया, जिससे लोगों का शक यकीन में बदल गया। ग्रामीणों ने तुरंत उसे मौके पर ही घेर लिया और पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ में कबूला सच ग्रामीणों की सख्ती के बाद युवक ने स्वीकार किया कि वह कोई असली ग्राम विकास अधिकारी नहीं है। उसने फर्जी पहचान बनाकर लोगों से ठगी करने की बात कबूल की। बताया जा रहा है कि वह इसी तरह आसपास के गांवों में भी लोगों को निशाना बना चुका हो सकता है। पैसे लौटवाए, माफी भी मंगवाई गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी युवक से महिलाओं के ठगे गए पैसे वापस करवाए। इसके साथ ही उससे सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक माफी मांगते हुए जूते चाटता नजर आ रहा है। पुलिस ने शुरू की जांच हिंडोली थाना प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि मामला सोशल मीडिया के जरिए पुलिस के संज्ञान में आया। आरोपी की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी दबलाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने किन-किन गांवों में इस तरह की ठगी की कोशिश की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *