मुंबई मेट्रो लाइन 6 (पिंक लाइन) के निर्माण में बड़ी सफलता मिली है। जोगेश्वरी और राम मंदिर रेलवे स्टेशनों के बीच भारी-भरकम स्टील गर्डरों को सफलतापूर्वक स्थापित कर लिया गया है, जिससे अब इस रूट पर मेट्रो का काम और भी तेज गति से आगे बढ़ेगा।
एक रात में खड़ा हुआ विशाल ढांचा
अधिकारियों के अनुसार, 2 और 3 मई की मध्यरात्रि के दौरान पश्चिम रेलवे पर 10 घंटे का मेगा ब्लॉक लेकर यह चुनौतीपूर्ण काम को अंजाम दिया गया। इस दौरान करीब 32 मीटर लंबे और लगभग 110 मीट्रिक टन वजन वाले तीन विशाल गर्डर रेलवे ट्रैक के ऊपर लगाए गए।
इतनी भारी संरचना को रातभर में स्थापित करना तकनीकी रूप से बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इस काम के लिए रेलवे ने ट्रैफिक और पावर ब्लॉक का विशेष प्लान बनाया था। छठी लाइन और शंटिंग लाइन पर 10 घंटे का ब्लॉक लिया गया, जबकि अप फास्ट लाइन और पांचवीं लाइन पर क्रमशः 3 और 5 घंटे का ब्लॉक रखा गया। खास बात यह रही कि पूरा काम तय समय से 30 मिनट पहले ही पूरा कर लिया गया।
110 लोगों की टीम ने पूरा किया काम
इस पूरे ऑपरेशन में रेलवे और ठेकेदारों की 110 सदस्यीय टीम लगातार जुटी रही। काम को सुरक्षित और तेज़ी से पूरा करने के लिए अत्याधुनिक मशीनों का इस्तेमाल किया गया। इसमें 600 टन क्षमता का एक क्रेन, 500 टन क्षमता के दो क्रेन, दो अतिरिक्त स्टैंडबाय क्रेन, दो हाइड्रा, दो जेसीबी, एक मटेरियल लिफ्टर और दो टॉवर वैगन शामिल थे।
पिंक लाइन का काम मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (MMRDA) कर रही है। मेट्रो लाइन 6, जिसे पिंक लाइन के नाम से जाना जाता है, मुंबई के पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों को जोड़ने वाली एक अहम परियोजना है। यह लोखंडवाला (स्वामी समर्थ नगर) से विक्रोली (इस्टर्न एक्सप्रेसवे) के बीच बनाया जा रहा है। लगभग 14.5 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड मार्ग पर 13 स्टेशन हैं। इसके पूरा होने के बाद यातायात का दबाव कम होगा और यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा।
रेलवे ने की थी खास तैयारी
पश्चिम रेलवे के अनुसार, मेट्रो लाइन-6 के गर्डरों के लॉन्चिंग काम के लिए उपनगरीय खंड पर शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि को राम मंदिर और जोगेश्वरी स्टेशनों के बीच मेजर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक छठी लाइन पर 2 मई को 21:30 बजे से 3 मई को 07:30 बजे तक कुल 10 घंटे के लिए था। इसके अलावा अप फास्ट लाइन व पांचवी लाइन पर रात 1 बजे से तड़के 4 बजे तक ब्लॉक लिया गया।
ब्लॉक अवधि के दौरान छठी लाइन की सभी ट्रेनें बोरीवली और अंधेरी के बीच अप फास्ट लाइन पर चलाई गई। इस दौरान कई लोकल ट्रेनें रद्द भी की गई। इसके अलावा, ट्रेन संख्या 19038 बरौनी-बांद्रा टर्मिनस अवध एक्सप्रेस सूरत और बोरीवली के बीच लगभग 30 मिनट रेगुलेट की गई।


