नूंह में सड़े हुए गेहूं को खपाने का गोरखधंधा:बढ़िया अनाज में मिला रहे मजदूर; किसानों से हो रहा धोखा, अधिकारी मौन

नूंह में सड़े हुए गेहूं को खपाने का गोरखधंधा:बढ़िया अनाज में मिला रहे मजदूर; किसानों से हो रहा धोखा, अधिकारी मौन

नूंह जिले की पुन्हाना अनाज मंडी में सड़े हुए गेहूं को सुखाकर बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी इस पूरे खेल पर मौन हैं, जिससे सरकारी खरीद तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंडी की कई आढ़तों के बाहर बड़ी मात्रा में काला पड़ चुका और सड़ा हुआ गेहूं खुले में फैलाकर सुखाया जा रहा है। बाद में इस खराब अनाज को अच्छे गेहूं में मिलाकर बोरियों में पैक किया जा रहा है, ताकि उसकी गुणवत्ता छिपाई जा सके। भीगा गेहूं दोबारा बाजार में खपाने की कोशिश लोगों का कहना है कि हाल ही में हुई बारिश के कारण बड़ी मात्रा में गेहूं भीगकर खराब हो गया था। अब उसी सड़े हुए गेहूं को दोबारा बाजार में खपाने का प्रयास किया जा रहा है। मजदूरों द्वारा खुलेआम इस काम में लगे होने से अधिकारियों की लापरवाही या मिलीभगत के आरोप लग रहे हैं। ईमानदार किसानों को हो रहा नुकसान इस गड़बड़ी से अच्छी गुणवत्ता का गेहूं लाने वाले किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जहां उनकी उपज को जांच के नाम पर रोका जाता है, वहीं खराब गेहूं की खरीद पर कोई रोक नहीं है। इससे सरकारी खरीद व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है। जांच और कार्रवाई की मांग स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस गोरखधंधे पर रोक नहीं लगी तो यह एक बड़ा घोटाला साबित हो सकता है। मार्केट कमेटी के सचिव बोले मार्केट कमेटी पुन्हाना के सचिव शैलेन्द्र बंसल ने बताया कि वह फिलहाल बाहर हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों को नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *