फतेहाबाद जिले के रतिया विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को झटका देकर पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा बीजेपी के पाले में फिर से आ गए हैं। उनको भाजपा में शामिल करने से पहले पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को भी मनाया गया है। सूत्र बताते हैं कि लक्ष्मण नापा तो विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद ही भाजपा में एंट्री चाहते थे, लेकिन पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने ब्रेक लगाए रखे। अब सुनीता दुग्गल से हां होने के बाद ही उनको पार्टी ज्वॉइन करवाई गई है। इसकी वजह यह है कि सुनीता दुग्गल को टिकट मिलने के बाद ही नापा पार्टी छोड़कर कांग्रेस में गए थे। सुनीता दुग्गल ने दैनिक भास्कर एप से बातचीत में बताया कि उनके पास भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली का फोन आया था। उन्होंने इस विषय में बताया था। मैंने यही कहा कि संगठन ने फैसला लेना है, वह उन्हें मंजूर है। बता दें कि, शनिवार को उकलाना में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, हांसी विधायक विनोद भ्याना और फतेहाबाद जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा की मौजूदगी में लक्ष्मण नापा ने बीजेपी ज्वॉइन की है। नापा साल 2019 में रतिया से बीजेपी विधायक रह चुके हैं। जानिए ज्वाइनिंग के बाद लक्ष्मण नापा ने क्या कहा… पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा ने कहा कि साल 2024 के विधानसभा चुनाव में जब मेरी टिकट कटी, तब थोड़ा मन में रोष था। इसलिए मैंने कांग्रेस ज्वॉइन कर ली। मगर कभी कांग्रेस के मंच पर ज्यादा नहीं गया। किसी के प्रति दुर्भावना नहीं है। मुझे विधायक भी भाजपा ने टिकट देकर बनवाया था। जहां भी मेरी ड्यूटी लगेगी, वहां शिद्दत से काम करूंगा। भविष्य में जिसे भी पार्टी टिकट देगी, उसका साथ देंगे। सुनीता दुग्गल द्वारा सत्यानाश करने वाला कहने के सवाल पर नापा ने कहा कि मेरे मन में किसी के प्रति द्वेष नहीं है। हम मिल-जुलकर भाजपा को मजबूत करेंगे। हमने जो काम किया है, वो जनता देख रही है। दुग्गल हमारी पार्टी की नेत्री हैं, उनसे भी मिलेंगे। राजनीति में कोई स्थायी दुश्मनी नहीं होती। अब जानिए… दुग्गल ने क्या कहा


