Baran Firing: घर में रखे अवैध हथियार से चली गोली, 12 साल की मासूम का सिर फटा, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

Baran Firing: घर में रखे अवैध हथियार से चली गोली, 12 साल की मासूम का सिर फटा, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

बारां। थाना क्षेत्र के कचनारिया खुर्द गांव में एक दर्दनाक हादसे में घर के अंदर अवैध टोपीदार बंदूक से खेलते समय चली गोली से 12 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। गोली लगने से उसका सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह वीडियो भी देखें

भाई के साथ खेल रही थी मासूम

जानकारी के अनुसार कुम्भाखेड़ी ग्राम पंचायत के कचनारिया खुर्द गांव निवासी निजाम मेव की 12 वर्षीय पुत्री आलिया अपने 15 वर्षीय भाई के साथ कमरे में खेल रही थी। इसी दौरान घर में रखी अवैध टोपीदार बंदूक दोनों के हाथ लग गई और वे उससे खेलने लगे। खेल-खेल में अचानक बंदूक से गोली चल गई, जो सीधे आलिया के सिर में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर चारपाई पर गिर पड़ी और कुछ ही पलों में उसकी हालत बिगड़ गई।

चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

गोली चलने की तेज आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो आलिया लहूलुहान हालत में पड़ी मिली। घटना के समय उसके पिता गांव से बाहर थे, जबकि मां घर में गेहूं साफ कर रही थी और दादी बाहर बैठी हुई थी। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर कमरे को सील कर दिया। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, ताकि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की जा सके।

पिता को डिटेन किया

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घर में रखी अवैध टोपीदार बंदूक से यह हादसा हुआ। खेलते समय नाबालिग भाई के हाथ से गोली चल गई, जिससे बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। घर में अवैध हथियार रखने के मामले में पिता निजाम को डिटेन किया गया है। बालिका के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।

पोस्टमार्टम में मिले छर्रे

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया बंदूक की गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई है। इस दौरान बालिका के सिर के अंदर से छर्रे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *