रायसेन में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चली आंधी:धूल का गुबार, बारिश से फसल को नुकसान; आम झड़े, गेहूं भीगा, बिजली गुल

रायसेन में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चली आंधी:धूल का गुबार, बारिश से फसल को नुकसान; आम झड़े, गेहूं भीगा, बिजली गुल

रायसेन में शनिवार को अचानक मौसम ने करवट ली। दोपहर करीब 3 बजे 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और धूल का बवंडर चला, जिससे पूरे शहर में धूल के गुबार छा गए। खराब दृश्यता के कारण वाहन चालकों को रास्ते में रुकना पड़ा, वहीं कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। तेज आंधी के बाद बूंदाबांदी और कहीं-कहीं तेज बारिश हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई। खरीदी केंद्रों और मंडी परिसरों में खुले में रखा अनाज भीगने की आशंका है। कई किसान उपज लेकर पहुंचे थे, लेकिन मौसम खराब होने से बिना तुलाई कराए लौटना पड़ा। बारिश-आंधी से नुकसान की तीन तस्वीरें… देवनगर क्षेत्र में एक घंटे तक आंधी-बारिश जिले के देवनगर क्षेत्र के सब्दलपुर, तरावली और धनिया खेड़ी गांवों में करीब एक घंटे तक तेज आंधी और बारिश हुई। इससे आम की फसल को भारी नुकसान हुआ और बड़ी मात्रा में कच्चे आम पेड़ों से झड़ गए। बारिश के चलते खुले में रखा गेहूं भी भीग गया, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। अचानक बदले मौसम ने खेत से लेकर मंडी तक चिंता बढ़ा दी है। तापमान में गिरावट, गर्मी से मिली राहत पिछले दो दिनों से मौसम में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन का तापमान 43 से घटकर 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि रात का तापमान भी 29 से गिरकर 20-21 डिग्री सेल्सियस हो गया है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक जिले में तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी उपज सुरक्षित स्थानों पर रखें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *