सीहोर जिले में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर तक जहां भीषण गर्मी और लू का प्रकोप था, वहीं महज 15 मिनट के भीतर तेज आंधी और रिमझिम बारिश ने लोगों को राहत दे दी। इस बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। दोपहर करीब 3 बजे तक जिले में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और लू के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में दुबकने को मजबूर दिखे। अचानक छाए काले बादल, चली धूल भरी आंधी करीब सवा तीन बजे के आसपास मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में काले बादल छा गए। इसके बाद तेज धूलभरी आंधी शुरू हो गई। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जगह पेड़ों की टहनियां टूट गईं और दृश्यता भी काफी कम हो गई। आंधी के बाद जिले के कुछ ग्रामीण इलाकों में रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इस बदलाव से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों ने राहत की सांस ली और शाम का मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव स्थानीय मौसमीय सिस्टम के सक्रिय होने के कारण हुआ है। विभाग ने अनुमान जताया है कि शाम के समय तेज ठंडी हवाएं चलने से मौसम फिलहाल सुहावना बना रह सकता है।


