दतिया में सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर:नई जेल के पीछे 20 बीघा जमीन से हटाया गया अतिक्रमण

दतिया में सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर:नई जेल के पीछे 20 बीघा जमीन से हटाया गया अतिक्रमण

दतिया शहर में सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध प्लॉटिंग करने वालों पर प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भांडेर रोड स्थित नई जेल के पीछे सर्वे नंबर 257 की करीब 20 बीघा सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को राजस्व, नगरपालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने हटाया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों से निर्माणाधीन ढांचे और प्लॉटिंग के लिए की गई घेराबंदी को तोड़कर जमीन को मुक्त कराया गया। जानकारी के अनुसार, इस सरकारी जमीन पर सात लोगों द्वारा पहले कब्जा किया गया और बाद में अवैध रूप से प्लॉट काटकर बेचने का काम शुरू कर दिया गया था। कुछ लोगों ने मकान निर्माण भी शुरू कर दिया था। मामले की सूचना प्रशासन तक पहुंचते ही शुक्रवार सुबह टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने निर्माणाधीन दीवारें, प्लॉटों की सीमांकन घेराबंदी और अन्य अस्थायी निर्माण ध्वस्त कर दिए। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार का विरोध या विवाद न हो। तहसीलदार ब्रजमोहन आर्य ने बताया कि संबंधित जमीन सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज है। कुछ लोगों ने उस पर अवैध कब्जा कर प्लॉटिंग शुरू कर दी थी। जांच के बाद जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध कॉलोनियों और सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। शहर में लगातार बढ़ रही अवैध प्लॉटिंग पर अब प्रशासन की नजरें टिकी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *