बहन की मौत से गुस्साए भाई ने जीजा की कर दी हत्या

बहन की मौत से गुस्साए भाई ने जीजा की कर दी हत्या

चढ़ोतरा: पहले घर में तोड़फोड़, फिर अपहरण, जंगल में ले जाकर पत्थर से सिर कुचला

झाड़ोल (उदयपुर). ओगणा थाना क्षेत्र के अंबावी उपरेटा गांव में बुधवार को हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां साले ने जीजा की हत्या कर दी। वह बहन पारू की मौत के कारण नाराज था। बहन की मौत का बदला लेने के लिए उसने जीजा का अपहरण कर लिया। उसे 15 किमी दूर जंगल में ले जाकर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल हो गया। हालात बेकाबू होते देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।थानाधिकारी रामरूप ने बताया कि चोखला बारा निवासी पिंटूलाल (28) पुत्र भूरीलाल वडेरा की हत्या कर दी गई। मृतक का साला करण अपने साथियों के साथ हथियार लेकर बुधवार सुबह चोखला बारा गांव पहुंचा। घर से पिंटू का अपहरण किया और 15 किलोमीटर दूर अंबावी उपरेटा के जंगल में ले जाकर हत्या कर दी। ग्रामीणों ने पुलिस को अपहरण की सूचना दी। पुलिस पिंटू की तलाश करते हुए जंगल में पहुंची, तब तक आरोपी पिंटू की हत्या कर चुके थे। इसके बाद आरोपी मौके से भाग छूटे और पुलिस को पिंटू का शव मिला। डीएसपी विवेक सिंह राव के साथ ही कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पारू एवं पिंटू दोनों के शव झाड़ोल उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

पुलिस टीम जंगल में पहुंची तो मिला शव

पुलिस के मुताबिक, एक दिन पहले पिंटू की ओर से दी गई रिपोर्ट में बताया था कि पत्नी पारू की मौत बीमारी से हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी, तब ही पिंटू के अपहरण की सूचना मिली। पुलिस टीम तलाशी के लिए जंगल में गई, जहां पिंटू का शव मिला। पीहर पक्ष के लोग पिंटू के गांव में आए थे, जिन्हें समझाइश कर वापस भेज दिया था।

पिंटू पर थी तीन भाई-बहनों की जिम्मेदारी

ग्रामीणों ने बताया कि पिंटू के पिता भूरीलाल का निधन करीब डेढ़ माह पहले और मां का निधन पिछले साल हो गया था। पिंटू सबसे बड़ा था, ऐसे में उस पर ही भाई-बहन सहित परिवार की जिम्मेदारी थी। वह मजदूरी करके घर गुजारा चला रहा था। उससे छोटी 16 और 14 साल की दो बहनें और 5 साल का भाई है। पिंटू की 3 साल की मासूम बेटी पूरी तरह अनाथ और बेसहारा हो गए हैं।

आदिवासी अंचल में चढ़ोतरा कुप्रथा

आदिवासी अंचल में चढ़ोतरा नामक सामाजिक कुप्रथा है। किसी की मौत पर बदला लेने की भावना से आरोपी पक्ष पर हमला किया जाता है। कई बार झुंड बनाकर हथियारों के साथ हमला किया जाता है। आरोपी पक्ष के घर उजाड़ दिए जाते हैं। अंतत: सामाजिक पंचायत की ओर से मौताणा (जुर्माना) राशि वसूलने के बाद ही बदला पूरा माना जाता है।

यह है पूरा घटनाक्रम

खला बारा निवासी पारू पत्नी पिंटूलाल वडेरा की 27 अप्रेल को मौत हो गई थी। इससे पहले 24 अप्रेल को उसकी तबीयत खराब होने पर परिजन ओगणा स्थित अस्पताल ले गए थे।- हालत नाजुक होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। पारु की मौत के बाद आक्रोशित पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगा दिया।- बदला लेने की भावना से मंगलवार शाम को पीहर पक्ष के लोग चोखला बारा पहुंच गए। उस समय तो पिंटू घर से भाग गया, लेकिन गुस्साए लोगों ने उसके घर पर जमकर तोड़फोड़ की।- सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गुस्साए लोग पुलिस के सामने भी घर में तोड़फोड़ करते रहे। पुलिसकर्मी उन्हें रोक नहीं पाए, लेकिन घटनाक्रम का वीडियो बनाते रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *