अलीगढ़ में वर्षों से बंद पड़ी द किसान चीनी मिल लिमिटेड साथा के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने मुख्यमंत्री के नाम ACM को एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन 29 अप्रैल 2026 को जिला कलेक्टर मुख्यालय पर एसीएम दिग्विजय सिंह को दिया गया। सपा पदाधिकारियों ने मिल को क्षेत्र के गन्ना किसानों और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का प्रमुख आधार बताया और इसके जल्द नव निर्माण की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि इस चीनी मिल की स्थापना वर्ष 1977 में तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 1200 टीसीडी क्षमता के साथ की गई थी। इसका उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया था। मिल शुरू होने के बाद अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के गन्ना किसानों को काफी लाभ मिला था, साथ ही हजारों लोगों को रोजगार भी उपलब्ध हुआ था। सपा ने आरोप लगाया है कि गलत प्रबंधन और उपेक्षा के कारण यह चीनी मिल वर्षों से बंद पड़ी है, जिससे क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हुई है। मिल बंद होने से गन्ना किसानों को अपनी फसल दूर-दराज की अन्य मिलों में ले जानी पड़ती है, जिसके कारण उन्हें अतिरिक्त खर्च और कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सपा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी धनगर और पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से जनहित और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए साथा चीनी मिल का केवल जीर्णोद्धार नहीं, बल्कि पूर्ण रूप से पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उनका उद्देश्य है कि इससे क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियां फिर से शुरू हो सकें।


