सतना जिले के नागौद विकासखंड के ग्राम वसुधा में गेहूं खरीदी केंद्र बंद होने से किसान भड़क गए हैं। बुधवार की शाम किसान वसुधा खरीदी केंद्र पर सांकेतिक धरने पर बैठ गए और उन्होंने भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। यह विवाद गेहूं खरीदी व्यवस्था को लेकर खड़ा हुआ है। विपणन सहकारी समिति मणि कला नागौद को गेहूं खरीदी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके लिए वसुधा-2 को खरीदी केंद्र बनाया गया था। किसानों के अनुसार, स्लॉट बुकिंग के बाद लगभग एक सप्ताह तक खरीदी सुचारु रूप से चली थी। हालांकि, एक सप्ताह बाद यह केंद्र अचानक बंद कर दिया गया। किसानों का आरोप है कि जिन किसानों के स्लॉट पहले से बुक थे, उनका गेहूं अब नहीं खरीदा जा रहा है। कई किसान अपना गेहूं पहले ही खरीदी स्थल तक पहुंचा चुके हैं। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि वसुधा खरीदी केंद्र को एयर बैग साइलो रेऊरा फार्म में मर्ज कर दिया गया है। इस फैसले से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि एक बार परिवहन का खर्च उठाकर गेहूं केंद्र तक लाने के बाद अब दोबारा दूसरी जगह ले जाना आर्थिक रूप से भारी पड़ रहा है। इसी के विरोध में सभी प्रभावित किसान खरीदी केंद्र वसुधा पर ही धरने पर बैठ गए हैं। इस दौरान किसानों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं और वसुधा खरीदी केंद्र को यथावत चालू नहीं किया गया, तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे।


