पीएम मोदी कार्यक्रम सफल, अफसरों-नेताओं ने ली राहत:हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण, 15 दिन की तैयारियों का समापन

पीएम मोदी कार्यक्रम सफल, अफसरों-नेताओं ने ली राहत:हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण, 15 दिन की तैयारियों का समापन

हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा और गंगा एक्सप्रेसवे लोकार्पण समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों ने राहत की सांस ली। पिछले लगभग 15 दिनों से चल रही तैयारियों के बाद बुधवार को यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री के मल्लावां क्षेत्र के श्यामपुर में प्रस्तावित इस कार्यक्रम की तैयारियां करीब दो सप्ताह पहले शुरू हुई थीं। तभी से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया था। जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा लगातार विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर मौजूद रहे। कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा, सुरक्षा व्यवस्था और समन्वय सुनिश्चित करने के लिए दोनों अधिकारियों को हरदोई मुख्यालय और मल्लावां के बीच लगातार दौरा करना पड़ा। मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा और अपर जिलाधिकारी प्रफुल्ल त्रिपाठी ने भी मौके पर रहकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया। प्रशासन के सामने लगभग दो लाख लोगों की भीड़ को नियंत्रित करना और कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सबसे बड़ी चुनौती थी, जिसे अधिकारियों ने सफलतापूर्वक पूरा किया।
राज्य सड़क परिवहन निगम के अपर प्रबंध निदेशक विपिन कुमार मिश्रा कई दिनों तक जिले में रहकर बसों और परिवहन व्यवस्था की निगरानी करते रहे। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह सहित जिले के सभी उपजिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारियां संभालीं। राजनीतिक मोर्चे पर, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन और क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह आशू भी कार्यकर्ताओं के साथ लगातार 15 दिनों तक दिन-रात जुटे रहे। जनसभा स्थल की तैयारियों से लेकर भीड़ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं के समन्वय तक संगठन लगातार सक्रिय रहा। कार्यक्रम के सफल समापन के बाद प्रशासनिक अमले और भाजपा नेताओं के चेहरों पर संतोष दिखाई दिया। लंबे समय से चली आ रही भागदौड़ और मेहनत के बाद सभी ने राहत महसूस की। जिले में इस आयोजन को प्रशासन और संगठन के संयुक्त प्रयासों की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *