हिम्मतनगर-शामलाजी हाईवे पर निजी बस ने वैन को मारी टक्कर, 6 महिलाओं की मौत, 8 घायल

हिम्मतनगर-शामलाजी हाईवे पर निजी बस ने वैन को मारी टक्कर, 6 महिलाओं की मौत, 8 घायल

जवानगढ़ पाटिया के पास हादसा

हिम्मतनगर. साबरकांठा जिले में हिम्मतनगर-शामलाजी नेशनल हाईवे नं. 48 पर बुधवार सुबह करीब 10.15 बजे निजी बस के वैन को टक्कर मारने से 6 महिलाओं की मौत हो गई वहीं 8 लोग घायल हो गए। मृतकों में अरवल्ली जिले की मोडासा तहसील के सरडोई गांव की शकरीबेन नायक (62), कांताबेन निनामा (50), सरला भोई (48), मीना भोई (50) और साबरकांठा जिले की तलोद तहसील में नवा रणासण गांव की हेतलबेन नायक (37) और प्रांतिज तहसील में मोयद गांव की आशिकीबेन नायक (30) शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार जवानगढ़ पाटिया के पास एक अनधिकृत मोड़ पर वैन के मुड़ते समय पीछे से आ रही निजी बस ने टक्कर मार दी, जिससे वैन पलट गई। इस घटना में वैन में सवार छह महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी महिलाएं मोडासा से वैन में सवार होकर कैटरिंग के काम पर हिम्मतनगर के पास हुंज जा रही थीं। घटना के बाद इनके जूते-चप्पल सड़क किनारे बिखरे पड़े दिखे। जानकारी मिलने पर वैन चालक सहित आठ घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए गांभोई के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इस संबंध में गांभोई थाने में निजी बस चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई। घटना की सूचना मिलते ही साबरकांठा के जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. पार्थराजसिंह गोहिल, हिम्मतनगर के पुलिस उप अधीक्षक ए.के. पटेल, गांभोई पुलिस थाने के निरीक्षक ए आर चौधरी सहित एलसीबी, ट्रैफिक पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। हिम्मतनगर के प्रांत अधिकारी विमल चौधरी सहित तहसील के अन्य अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंचे।

कुछ देर तक ट्रैफिक बाधित

हादसे के कारण शामलाजी-अहमदाबाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराया गया।

आए दिन हादसों का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अवैध कट और असुरक्षित क्रॉसिंग की समस्या आम हो गई है, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. पार्थराजसिंह गोहिल ने बताया कि हिम्मतनगर से शामलाजी और हिम्मतनगर से अहमदाबाद तक के छह लेन नेशनल हाईवे नं. 48 पर मौजूद अवैध कट को बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।

यह 8 हुए घायल

इस हादसे में घायल 8 लोगों में कंचन नायक (60), नीता भोई (36), रेखा गोस्वामी (60), मीनाक्षी नायक (50), वीना प्रजापति (55), अंजु नायक (45), कामिनी पटेल (56) और वैन चालक अनिलकुमार रावल (25) शामिल हैं। ये सभी अरवल्ली जिले की मोडासा तहसील के सरडोई गांव के रहने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *