Canada में बजा भारत का डंका, Dr. Reddy’s की सस्ती Ozempic दवा को मिली मंजूरी

Canada में बजा भारत का डंका, Dr. Reddy’s की सस्ती Ozempic दवा को मिली मंजूरी
दवा बाजार से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई, जहां डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल होने वाली लोकप्रिय दवा को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। कनाडा की दवा नियामक संस्था हेल्थ कनाडा ने भारतीय कंपनी डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज द्वारा तैयार की गई ओजेम्पिक दवा के पहले जेनेरिक संस्करण को मंजूरी दे दी है। बता दें कि यह कदम दवा की कीमतों को कम करने और ज्यादा लोगों तक इलाज पहुंचाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि ओजेम्पिक दवा डेनमार्क की कंपनी नोवो नॉर्डिस्क द्वारा बनाई जाती है और यह सेमाग्लूटाइड नामक तत्व पर आधारित है, जिसका इस्तेमाल डायबिटीज नियंत्रण के साथ-साथ मोटापे के इलाज में भी किया जाता है। मौजूद जानकारी के अनुसार, इस दवा की मांग दुनियाभर में तेजी से बढ़ी है, जिसके चलते कई कंपनियां इसके सस्ते विकल्प विकसित करने में जुटी थीं।
दरअसल, इसी साल मार्च में भारत पहला बड़ा बाजार बना था जहां सेमाग्लूटाइड के कुछ पेटेंट समाप्त होने के बाद इसके जेनेरिक संस्करण पेश किए गए। इसके बाद नोवो नॉर्डिस्क को अपनी दवाओं की कीमतों में कटौती करनी पड़ी थी। अब कनाडा में भी इस तरह की मंजूरी मिलने से प्रतिस्पर्धा और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि कनाडा में जेनेरिक दवाओं की एंट्री को एक परीक्षण के रूप में देखा जा रहा है, जिससे यह समझा जा सकेगा कि ब्रांडेड दवाओं के मुकाबले सस्ती दवाएं कितना प्रभाव डाल पाती हैं। आमतौर पर कनाडा में जेनेरिक दवाएं ब्रांडेड दवाओं की तुलना में 45 से 90 प्रतिशत तक सस्ती होती हैं, जिससे मरीजों पर आर्थिक बोझ कम होता है।
इस बीच, स्विट्जरलैंड की दवा कंपनी सैंडोज ने भी घोषणा की है कि वह जून तक कनाडा में ओजेम्पिक का अपना जेनेरिक संस्करण लॉन्च करने की तैयारी में है। इससे साफ है कि आने वाले समय में इस दवा के बाजार में प्रतिस्पर्धा और बढ़ने वाली है।
दूसरी ओर, नोवो नॉर्डिस्क को अब अपने प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी चुनौती मिल रही है। विशेष रूप से एली लिली की दवाएं माउनजारो और जेपबाउंड तेजी से बाजार में अपनी पकड़ मजबूत कर रही हैं, जिससे नोवो नॉर्डिस्क की शुरुआती बढ़त कम होती दिख रही है। मौजूद जानकारी के अनुसार, कनाडा में फिलहाल आठ अन्य कंपनियों के जेनेरिक सेमाग्लूटाइड आवेदन भी समीक्षा के अधीन हैं, जिन पर आने वाले महीनों में फैसला लिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *