गोरखपुर में 29 साल के एक युवक का शादी के तीसरे दिन ही सुसाइड करने का मामला सामने आया है। युवक ने देर रात जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिसके बाद चीख- पुकार मच गई। 25 अप्रैल को ही महराजगंज की एक लड़की से उसकी धूमधाम से शादी हुई थी। 26 अप्रैल को दुल्हन घर भी आ गई थी। लेकिन तीसरे दिन ही उसका सुहाग उजड़ गया। युवक के सुसाइड के पीछे का वजह अभी पता नहीं लगाया जा सका है। परिवार कुछ भी बता पाने के हालत में नहीं है। हालांकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच में जुटी है। मामला शाहपुर थाना क्षेत्र का है। जानिए पूरा मामला… गोरखपुर के पादरी बाजार में शाहपुर थाना अंतर्गत रहने वाले प्रेम जायसवाल के 29 साल के बेटे रूद्रनाथ जायसवाल उर्फ मिंशू की शादी कुछ महीने पहले ही महराजगंज के नौतनवां की रहने वाली एक युवती के साथ परिवार वालों ने तय कर दी थी। वह तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। परिवार का पादरी बाजार चौराहे पर होटल (भोजनालय) का व्यवसाय है, जिसमें वह पिता और भाइयों के साथ हाथ बंटाता था। 25 अप्रैल को हुई शादी
शादी तय होने से सब खुश थे। सब कुछ अच्छा चल रहा था। ढेरों तैयारियां के बाद 25 अप्रैल को बड़े ही धूमधाम से उसकी शादी हुई। 26 को दुल्हन भी घर आ गई। उसके बाद की सभी रस्में धीरे- धीरे चल रही थी। रिश्तेदार भी रुके हुए थे। परिवार में हंसी-खुशी और उत्सव का माहौल था। लेकिन ये खुशियां इतनी जल्दी मातम में बदल जाएंगी यह किसी को नहीं पता था। शादी के तीसरे दिन ही 28 अप्रैल को रुद्रनाथ ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसके तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। यह सब देख घर में अफरा तफरी मच गई। परिजन तत्काल उसे पास के हॉस्पिटल लेकर गए। जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इतना ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रूद्र के सुसाइड के पीछे की वजह का अभी पता नहीं लगाया जा रहा। जल्द खुलासा किया जाएगा-सीओ गोरखनाथ
हालांकि पुलिस जांच में जुटी है। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके हैं। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। व्यापार मंडल ने जताया शोक
घटना से पादरी बाजार के व्यापारियों में भी शोक की लहर है। स्थानीय व्यापार मंडल ने मंगलवार को अपनी दुकानें बंद रखी। वहीं मंगलवार और शुक्रवार को लगने वाली साप्ताहिक बाजार भी नहीं लगी। अभी उसके घर के सामने टेंट भी नहीं हटा था, वहीं शादी में मिले कुछ सामान भी बाहर ही पड़े हैं।


