शाहजहांपुर पुलिस ने एक युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में शान मोहम्मद नामक युवक को मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे गिरफ्तार किया है। युवती ने 26 अप्रैल को बिजली का तार छूकर आत्महत्या की थी। पुलिस इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका मधु का वर्ष 2025 में सामूहिक विवाह योजना के तहत विवाह हुआ था। हालांकि, वह अपनी ससुराल नहीं गई थी और इसके बाद वह फिर से आरोपी शान मोहम्मद के संपर्क में आ गई थी। पिता ने आरोप लगाया है कि शान मोहम्मद उनकी बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था। पिता के अनुसार, आरोपी ने मधु के गोपनीय फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी थी, जिससे आहत होकर मधु ने यह आत्मघाती कदम उठाया। सिंधौली थाना क्षेत्र के नई मार्केट निवासी बंधुलाल ने अपनी 19 वर्षीय बेटी मधु की आत्महत्या के बाद मूड़ा हारिस निवासी शान मोहम्मद पर आरोप लगाया था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने शान मोहम्मद और उसके रिश्तेदार पप्पू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। मंगलवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी शान मोहम्मद को मुख्य मार्ग से गिरफ्तार किया। पुलिस विवेचना में सामने आया कि शान मोहम्मद का पहले बढ़ई के काम के सिलसिले में वादी के घर आना-जाना था। इसी दौरान मधु से उसका संपर्क हो गया था। परिजनों ने उनके रिश्ते का विरोध किया था।


