सचिन पायलट के पक्ष में उतरे डोटासरा-जूली और हरीश चौधरी:कांग्रेस नेता बोले- माफी मांगे बीजेपी प्रभारी,यह बर्दाश्त नहीं;टोंक में भी हुआ विरोध

सचिन पायलट के पक्ष में उतरे डोटासरा-जूली और हरीश चौधरी:कांग्रेस नेता बोले- माफी मांगे बीजेपी प्रभारी,यह बर्दाश्त नहीं;टोंक में भी हुआ विरोध

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट पर बीजेपी प्रदेश प्रभारी राधामोहनदास अग्रवाल की टिप्पणी को लेकर सियासी वार पलटवार का दौर शुरू हो गया है। बीजेपी प्रभारी पर कांग्रेस नेताओं ने पलटवार किया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, कोटा से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार रहे प्रहलाद गुंजल खुलकर सचिन पायलट के समर्थन में उतर आए हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- AICC महासचिव सचिन पायलट के लिए राजस्थान भाजपा प्रभारी राधामोहन दास की अशोभनीय टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि भाजपा की गिरती सियासी संस्कृति का उदाहरण है। राजनीति में विरोध हो सकता है, वैमनस्य नहीं। व्यक्तिगत अपमान और मर्यादा भंग करना भाजपा की आदत बन गई है। लोकतांत्रिक संस्कारों को खत्म करने पर आमादा दिख रही बीजेपी : डोटासरा डोटासरा ने लिखा- BJP लगातार शुचिता और लोकतांत्रिक संस्कारों को खत्म करने पर आमादा दिख रही है। भाजपा नेतृत्व को अपने नेताओं और पदाधिकारियों के आचरण पर ध्यान देने की आवश्यकता है। राधामोहनजी को इस अपमानजनक टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। जूली बोले- अपमान की राजनीति पर उतर आई है बीजेपी, नेताओं की जुबान पर लगाम लगाएं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एक्स पर लिखा- सचिन पायलट पर राजस्थान भाजपा प्रभारी राधामोहन दास द्वारा की गई टिप्पणी बेहद अशोभनीय, निंदनीय और घटिया राजनीतिक स्तर को दर्शाने वाली है। भाजपा अब मुद्दों पर बहस करने के बजाय व्यक्तिगत आरोप और निम्न स्तर की भाषा का सहारा ले रही है। भाजपा अपने ही घोषित शुचिता और संस्कारों को तिलांजलि दे चुकी है। अब यह पार्टी संवाद नहीं, बल्कि अपमान की राजनीति पर उतर आई है। जो इनका वास्तविक चाल चरित्र और चेहरा है। जूली ने लिखा- भाजपा नेतृत्व को तुरंत अपने नेताओं की बेलगाम जुबान पर लगाम लगानी चाहिए और राधामोहन दास को अपनी इस अपमानजनक टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। हरीश चौधरी बोले- व्यक्तिगत अपमान और मर्यादा भंग करना भाजपा की आदत बन गई मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने लिखा- AICC महासचिव और टोंक विधायक सचिन पायलट के लिए राजस्थान भाजपा प्रभारी राधामोहन दास की अशोभनीय टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि भाजपा की गिरती सियासी संस्कृति का उदाहरण है। राधामोहनजी को भाषण से पहले राजस्थान को समझना होगा, यहां की अपनायत, सम्मान और संस्कृति को समझना होगा। राजस्थान को माफ़ कीजिएगा प्रभारीजी, आपके शत्रुता से भरे शब्दों का स्थान यहां नहीं है। चौधरी ने लिखा- व्यक्तिगत अपमान और मर्यादा भंग करना भाजपा की आदत बन गई है। BJP लगातार शुचिता और लोकतांत्रिक संस्कारों को खत्म करने पर आमादा दिख रही है। भाजपा नेतृत्व को अपने नेताओं और पदाधिकारियों के आचरण पर ध्यान देने की आवश्यकता है। राधामोहन दास अग्रवाल को इस अपमानजनक टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। प्रहलाद गुंजल बोले गर्मी से बीजेपी प्रभारी का मानसिक संतुलन बिगड़ा कोटा से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार रहे प्रहलाद गुंजल ने राधामोहन दास अग्रवाल पर पलटवार किया। गुंजल ने कहा- सचिन पायलट के खिलाफ टिप्पणी निंदनीय है। मैं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से कहूंगा कि वे राधा मोहन दास अग्रवाल के स्वास्थ्य की जांच करवाएं। मुझे लगता है गर्मी के कारण उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। गुंजल ने कहा कि यूपी से आकर ये सचिन पायलट के राजनीति करने पर बयान दे रहे हैं। मैं भाजपाइयों और प्रभारी से कहना चाहता हूं कि क्या पीएम मोदी वाराणसी में पैदा हुए थे। पायलट के खिलाफ टिप्पणी पर बीजेपी को माफी मांगनी चाहिए। वहीं टोंक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी प्रदेश प्रभारी राधामोहनदास अग्रवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका, नारेबाजी की और शव यात्रा निकालकर विरोध जताया। ये खबर भी पढ़ें BJP सांसद बोले-बेचारे गहलोत खुद को जिंदा दिखाने में लगे:कांग्रेस आलाकमान ने एक आदमी को उनकी टांग खींचने के लिए लगा रखा है सीकर में भाजपा स्टेट इंचार्ज और राज्यसभा सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा। राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा- कांग्रेस आलाकमान ने एक आदमी को उनकी टांग खींचने के लिए लगा रखा है। बेचारे गहलोत दिल्ली वालों के सामने खुद को जिंदा दिखाने में लगे हुए हैं, इसलिए भाजपा के खिलाफ बोलते हैं। (पूरी खबर पढ़ें)

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *