लखनऊ में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से मंगलवार को थोड़ी राहत मिली है। तेज नम पूरबा (पूर्वी) हवा चलने से तापमान में गिरावट हुई है। इससे लोगों को राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिक का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास दर्ज होने की संभावना है। दिन में अधिकतर समय मौसम साफ बना रहेगा। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 43 डिग्री था। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री था। इसकी तुलना में लखनऊ में करीब 4 डिग्री तक अधिकतम तापमान कमी आई है। सोमवार को अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री रहा है। यह सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम आर्द्रता 67 फीसदी रहा। न्यूनतम आर्द्रता 31 फीसदी रही। बादल छाए रहने के साथ होगी बारिश मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लू का असर कम हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में और गिरावट आएगी। 28 अप्रैल से बुंदेलखंड समेत पूरे प्रदेश को लू से व्यापक राहत मिलने की संभावना है। इस दौरान गर्म हवा के थपेड़े नहीं चलेंगे।


