शादी में लौकी की बर्फी खाने से 100 लोग बीमार:फूड प्वाइजनिंग के बाद निजी अस्पतालों में भर्ती, 15 बच्चों की भी तबीयत बिगड़ी

संभल में शादी में बनी लौकी की लौज (बर्फी) खाने से 15 बच्चों समेत 100 से अधिक लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। मामला थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव मोलनपुर डांडा के मजरा धर्मपुर में हुई। सभी बीमार लोगों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गांव मोलनपुर डांडा निवासी वीरपाल की बेटी की शादी थी। इसमें गांव सिंघोला दौलत सिंह से बारात आई थी। शादी की रस्में संपन्न होने के बाद रविवार देर रात दावत का आयोजन किया गया था। इस दावत में करीब 300 से 400 लोगों ने भोजन किया था। भोजन करने के बाद कुछ लोगों को बेचैनी महसूस हुई, जिसे शुरुआत में गर्मी के कारण हुई परेशानी मानकर नजरअंदाज कर दिया गया। हालांकि, सोमवार दोपहर 2 बजे अचानक बड़ी संख्या में लोगों को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते कई लोग बीमार पड़ गए, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। सोमवार शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक स्थिति बिगड़ने पर परिजन बीमार लोगों को निजी चिकित्सकों के पास ले गए। ग्रामीणों ने दावत में बने भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं और आशंका जताई है कि खाने में गड़बड़ी के कारण ही यह फूड प्वाइजनिंग हुई है। निजी अस्पताल के डॉ. चिराग वार्ष्णेय ने बताया कि शादी के कार्यक्रम में मिठाई खाने से डिहाइड्रेशन हुआ है। उन्होंने कहा, मरीजों की स्थिति गंभीर थी, लेकिन अब सामान्य है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी मरीजों की हालत में सुधार है और किसी की स्थिति गंभीर नहीं है। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। मुख्य खाद्य अधिकारी राहुल सिंह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने गांव पहुंचे। शादी में बनाई गई लौकी की लौज का सैंपल भरकर लैब भेजा। दोनों अधिकारी घटना की जानकारी मिलने के बाद शाम 6 बजे गांव पहुंचे थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *