Rishabh Pant told to give up captaincy: पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने ऋषभ पंत को एलएसजी की कप्तानी छोड़ने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि एडेन मार्करम इस टीम के सबसे बेहतर कप्तान हो सकते हैं।
Rishabh Pant told to give up captaincy: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का हाल सबसे बुरा है। वह 8 में से 6 मैच हारकर पॉइंट्स टेबल में आखिरी पायदान पर पहुंच चुकी है, अब यहां से उसकी एक भी हार उसे प्लेऑफ की रेस से बाहर कर सकती है। केकेआर से हार के बाद अब एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत पर भी उंगलियां उठने लगी हैं। सुपर ओवर में निकोलस पूरन को उतारने का मामला हो या प्रिंस यादव को गेंद थमाना ऐसे कितने ही फैसले हैं, जिनकों लेकर पंत आलोचकों के निशाने पर हैं।
पंत की कप्तानी में 22 में से 14 मैच हारी एलएसजी
केकेआर के खिलाफ एलएसजी 156 रनों का लक्ष्य हासिल करने में होम ग्राउंड पर भी असफल रही, जिससे इस आईपीएल सीजन में लगातार पांच हार का चिंताजनक सिलसिला और बढ़ गया। उनका घरेलू रिकॉर्ड तो और भी खराब है। पिछले साल से पंत की कप्तानी में उन्हें लगातार आठ हार मिली हैं। पंत की कप्तानी में एलएसजी ने अपने पिछले 22 मैचों में से 14 मैच हारे हैं।
कप्तानी में बदलाव से बदल सकती है टीम की किस्मत
पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर का मानना है कि कप्तानी में बदलाव से टीम की किस्मत बदल सकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि एडेन मार्करम को कप्तान बनाया जाना चाहिए और उन्होंने टीम के लिए पसंदीदा बैटिंग ऑर्डर भी बताया। पंत की कप्तानी की मुश्किलों का असर उनकी बैटिंग पर भी पड़ा है। पिछले सीजन से अब तक उन्होंने 21 पारियों में सिर्फ 458 रन बनाए हैं, जिसमें सिर्फ तीन हाफ़-सेंचुरी शामिल हैं।
‘ऋषभ पंत को सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर खेलना चाहिए’
जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी को सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर खेलना चाहिए। आप उनसे सबसे अच्छा प्रदर्शन तब करवा सकते हैं, जब आप उन्हें आजादी दें और उनसे कहें कि वे बस मैदान पर जाएं, अपना स्वाभाविक खेल खेलें और अपने दम पर मैच जिताएं। उन पर कप्तानी का बोझ न डालें।
‘एडेन मार्करम एक बेहतर कप्तान’
मुझे लगता है कि एडेन मार्करम एक बेहतर कप्तान हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी बहुत सफलतापूर्वक की है। वे मानसिक रूप से मजबूत हैं, बहुत शांत स्वभाव के हैं और मुझे लगता है कि वे दूसरे खिलाड़ियों से भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवा सकते हैं। लेकिन, ऐसा लगता नहीं कि असल में ऐसा कुछ होगा। यह सिर्फ मेरा सुझाव है, लेकिन अगर मैं वहां होता तो मैं यही करता।
‘एलएसजी पूरी तरह से भटकी हुई लग रही’
टीम के कुल प्रदर्शन का आकलन करते समय भी जाफर ने अपनी राय बेझिझक रखते हुए कहा कि एलएसजी पूरी तरह से भटकी हुई लग रही है। यह समझना भी मुश्किल है कि उनसे क्या उम्मीद करें। अगर मैं उस डगआउट में होता तो सबसे पहले एडेन मार्करम को कप्तान बनाता… यह मेरा टॉप-7 बैटिंग ऑर्डर होता और मैं इसी क्रम के साथ आगे बढ़ता।
Sports – Patrika | CMS



