सीतापुर। गाजीपुर में नाबालिग की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस सांसद राकेश राठौर को हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज सांसद रविवार रात करीब 8 बजे से अपने आवास के बाहर आमरण अनशन पर बैठ गए, जो सोमवार सुबह तक जारी है। जानकारी के अनुसार सांसद गाजीपुर जाने की तैयारी में थे, हालांकि उनका कहना है कि वह मांगलिक कार्यक्रम में महोली जा रहे थे। तभी पुलिस ने खुफिया इनपुट के आधार पर उन्हें घर में ही नजरबंद कर दिया। इस दौरान पुलिस और सांसद के बीच हल्की नोंकझोंक भी हुई। इसके विरोध में सांसद अपने समर्थकों के साथ आवास के बाहर धरने पर बैठ गए और आमरण अनशन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स सांसद के आवास के बाहर तैनात कर दी गई। देर रात तक प्रशासनिक अधिकारी सांसद को मनाने की कोशिश करते रहे। सीओ सिटी और एसडीएम भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने सांसद से बातचीत कर धरना समाप्त करने का अनुरोध किया, लेकिन सांसद अपनी मांगों पर अड़े रहे। रात करीब 12:30 बजे डॉक्टरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर सांसद राकेश राठौर का मेडिकल चेकअप भी किया, ताकि उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा सके। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।सांसद का कहना है कि उन्हें पीड़ित परिवार से मिलने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। वहीं, पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन यह कदम उठाया गया है। घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिल रहा है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


