बुलंदशहर में ट्रिपल मर्डर, एक साथ जलीं तीन चिताएं:पुलिस सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार, हजारों की भीड़ रही मौजूद

बुलंदशहर में ट्रिपल मर्डर, एक साथ जलीं तीन चिताएं:पुलिस सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार, हजारों की भीड़ रही मौजूद

बुलंदशहर के खुर्जा में हुए ट्रिपल मर्डर के तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार भारी पुलिस बल की मौजूदगी में किया गया। एक साथ उठी तीन अर्थियों को देख परिजनों का बुरा हाल था। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। यह घटना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित एक जिम में आयोजित बर्थडे पार्टी के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार, केक चेहरे पर लगाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ा कि ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं, जिसमें अमरदीप, मनीष और आकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एडीजी ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए आठ पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
खुर्जा के मुक्ति घाट पर तीनों मृतकों की चिता को एक साथ मुखाग्नि दी गई। अंतिम संस्कार में करीब 2 हजार से अधिक लोग श्मशान घाट पर मौजूद थे। इनमें खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, चेयरमैन भगवान दास सिंघल, कांग्रेस नेता विमल कुमार, बंशी पहाड़िया सहित कई राजनीतिक दलों के नेता और समाज से जुड़े व्यक्ति शामिल थे। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप के नेतृत्व में सभी सर्किल के सीओ प्रखर पांडेय, शोभित कुमार और 15 थानों के प्रभारी निरीक्षक भी अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद रहे। अंतिम यात्रा के दौरान पूरे रास्ते का ट्रैफिक रोक दिया गया, जिसकी व्यवस्था सीओ ट्रैफिक पूर्णिमा सिंह ने संभाली। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे और पीएसी की दो प्लाटून भी मौके पर मौजूद रहीं। इसके अलावा, मृतकों के घर और आरोपियों के घरों के बाहर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *