फरीदाबाद में पिता के डर से बच्चे ने लगाई फांसी:पैसे निकालने पर मां की बात से घबराया; दोस्तों के साथ खेलकर लौटा था

फरीदाबाद में पिता के डर से बच्चे ने लगाई फांसी:पैसे निकालने पर मां की बात से घबराया; दोस्तों के साथ खेलकर लौटा था

फरीदाबाद के छांयसा थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय एक नाबालिग बच्चे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि बच्चे ने घर से 50 से 100 रुपए निकाल लिए थे। जब उसकी मां को इस बात का पता चला तो उसने बच्चे से सिर्फ इतना कहा कि जब उसके पापा घर आएंगे तो वह बताएगी कि वह बिना बताए घर से पैसे निकाल लेता है। मां की यही बात सुनकर बच्चा घबरा गया और घर की छत पर जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ देर पहले बच्चा अपने दोस्तों के साथ खेलकर घर लौटा था। दोस्तों के साथ खेलकर घर आया था जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम छांयसा गांव में रहने वाला 11 वर्षीय बच्चा अपने दोस्तों के साथ खेलकर घर वापस आया था। इसी दौरान उसने घर से करीब 50 से 100 रुपए निकाल लिए थे। कुछ समय बाद उसकी मां को पैसे निकालने की बात पता चल गई। मां ने बच्चे को ज्यादा डांटा नहीं, बल्कि केवल इतना कहा कि वह उसके पिता के आने पर इस बारे में बताएगी। पानी की टंकी से रस्सी बांधकर लगाई फांसी मां की यह बात सुनकर बच्चा डर गया और चुपचाप घर की छत पर चला गया। बताया जा रहा है कि छत पर पहुंचने के बाद बच्चे ने कपड़े सुखाने वाली रस्सी को पानी की टंकी की पाइप से बांध दिया। इसके बाद उसने छत पर रखी एक टेबल को सहारे के रूप में इस्तेमाल किया। बच्चा टेबल पर चढ़ा और रस्सी का फंदा बनाकर अपने गले में डाल लिया। इसके बाद उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बेटे को तलाशते हुए मां छत पर पहुंची कुछ समय बाद जब बच्चे की मां ने उसे घर में ढूंढना शुरू किया तो वह कहीं दिखाई नहीं दिया। इसके बाद वह उसे तलाशते हुए घर की छत पर पहुंची। वहां पहुंचने पर उसने देखा कि उसका बेटा रस्सी के फंदे से लटका हुआ है। यह दृश्य देखकर मां घबरा गई और उसने तुरंत बेटे के गले में बंधी रस्सी को खोला। साथ ही उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। 20 मिनट तक फंदे पर लटका रहा बच्चा आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर गए। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बच्चा करीब 15 से 20 मिनट तक फंदे पर लटका रहा, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। इस घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही छांयसा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया। पुलिस को मेडिकल कॉलेज से मिली थी सूचना छांयसा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेई मेडिकल कॉलेज से सूचना मिली थी कि एक 11 वर्षीय बच्चे ने फांसी लगा ली है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि बच्चे ने घर से 50 से 100 रुपए निकाल लिए थे और मां के पिता को बताने की बात कहने के बाद वह छत पर जाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर बैठा। भाई-बहनों में सबसे छोटा था बच्चा पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चा चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था और गांव के ही एक स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ता था। बच्चे के पिता सुरेश मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *