महराजगंज में 327 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार:नेपाल से भारत ला रहा था, बिहार का रहने वाला है तस्कर

महराजगंज में 327 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार:नेपाल से भारत ला रहा था, बिहार का रहने वाला है तस्कर

जनपद के बरगदवा थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 327.17 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसका ट्रक भी जब्त कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग से जुड़े बॉर्डर रोड पर गश्त के दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। बताया गया कि नेपाल के काठमांडू से एक ट्रक भारी मात्रा में गांजा लेकर भारत में प्रवेश करने वाला है। सूचना मिलते ही संयुक्त नाका टीम ने बरगदवा थाना क्षेत्र में घेराबंदी की और संदिग्ध ट्रक (HR38W 1261) को रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन से 21 पैकेटों में कुल 327.17 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौला गया। मौके से ट्रक चालक रंजीत गिरी (37 वर्ष), निवासी गोपालपुर थाना, जिला पश्चिम चंपारण (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी रंजीत गिरी ने बताया कि वह रक्सौल से दवा लेकर काठमांडू गया था और वहीं से गांजा लोड कर सोनौली बॉर्डर के रास्ते हाजीपुर ले जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को एनडीपीएस एक्ट की धारा 60(3) के तहत जब्त कर लिया है। वहीं, आरोपी के खिलाफ बरगदवा थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20/23 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता बताया है। नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि इस प्रकार के अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *