अस्पताल में लू वार्ड शुरू,तापमान 41 डिग्री:मरीजों को धूप से बचने के लिए लगाए टेंट,हीटवेव की चेतावनी

अस्पताल में लू वार्ड शुरू,तापमान 41 डिग्री:मरीजों को धूप से बचने के लिए लगाए टेंट,हीटवेव की चेतावनी

अलवर में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है और इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए लोग सिर पर तौलिया या कपड़ा डालकर घरों से बाहर निकल रहे हैं, ताकि लू से बचाव हो सके। बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला अस्पताल में लू और तापघात से प्रभावित मरीजों के लिए विशेष वार्ड भी शुरू किया गया है। अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही एक और समस्या सामने आ रही है—दवाइयों के लिए लोगों को धूप में लंबी लाइन में खड़ा होना पड़ता है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने इससे राहत देने के लिए टेंट और ग्रीन मैट्स लगाकर छांव की व्यवस्था की है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को कुछ राहत मिल सके। इसी के साथ गर्मियों में सावधानियां बरतने के लिए भी बोर्ड लगाए गए है। शनिवार शाम को अचानक मौसम बदला और बादल छा गए, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन बारिश नहीं हुई। रविवार सुबह से फिर तेज धूप और गर्मी का असर लौट आया। जिले में तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।इसी के साथ रात के समय भी गर्माहट महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक हीटवेव रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव हो सकता है और आंधी के साथ बारिश होने के आसार हैं। तेज गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, ताकि तापमान कुछ कम किया जा सके। बावजूद इसके, दिन के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और खासकर बाइक सवार बहुत कम नजर आ रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *