उत्तर प्रदेश होमगार्ड परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने खास इंतजाम किया है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए ऐशबाग से गोरखपुर के बीच अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है। तीन दिन चलेगी स्पेशल ट्रेन रेलवे प्रशासन के अनुसार, विशेष गाड़ी संख्या 05050 ऐशबाग से गोरखपुर के लिए 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को चलाई जाएगी। यह ट्रेन रात 8:45 बजे ऐशबाग से रवाना होगी और रास्ते में बादशाहनगर, बाराबंकी, जरवल रोड, करनैलगंज, गोंडा, मनकापुर, बस्ती और खलीलाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह 3:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी के लिए भी सुविधा परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों की वापसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने गोरखपुर से ऐशबाग के बीच भी विशेष ट्रेन चलाने की व्यवस्था की है। गाड़ी संख्या 05049 गोरखपुर से 26 और 27 अप्रैल को सुबह 4:55 बजे रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए सुबह 10:20 बजे ऐशबाग पहुंचेगी।


