प्रतापगढ़ जिले के धरियावद थाना क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। अभियान के तहत छह पिकअप वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने सभी छह वाहनों के चालकों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्रसिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक नानालाल सालवी के मार्गदर्शन में थानाधिकारी शक्ति कुमार दायमा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया। आमजन, मरीजों और छात्रों को हो रही थी परेशानी पुलिस ने बताया- तेज ध्वनि में डीजे बजाने से आम नागरिकों के साथ-साथ अस्पतालों में भर्ती मरीजों और विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसे ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम की धारा 4/6 का उल्लंघन माना गया है। धारा 4/6 के तहत छह मामले दर्ज, जांच जारी इस मामले में पुलिस ने छह अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। गिरफ्तार किए गए चालकों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें गौतम लाल मीणा (शिकारवाड़ी, धरियावद), अभिषेक जाट (चिड़ावा, झुंझुनू), पवन सालवी (पारेल खेड़ा फला, केसरियावद), विकास निठारवाल (जाजोर, सीकर), मदनलाल साल्वी (घाटीघर सिहाड, धरियावद) और मुकेश मीणा (होलीफला खुन्ता, धरियावद) शामिल हैं।


