गोंडा जिले में सर्राफा व्यवसायी समर कसौधन गोलीकांड का खुलासा न होने से नाराज आज उत्तर प्रदेश सर्राफा एवं स्वर्ण संघ बस्ती के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनीत जायसवाल से मुलाकात की है। व्यापारियों ने इस मामले में जल्द खुलासे, सुरक्षा और शस्त्र लाइसेंस जारी करने की मांग की है। पुलिस लाइन सभागार में एसपी विनीत जायसवाल ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर जल्द से जल्द पूरे गोलीकांड का खुलासा करने का आश्वासन दिया। उत्तर प्रदेश सर्राफा एवं स्वर्ण व्यवसाय संघ बस्ती के सदस्यों ने मांग की कि दर्ज किया गया मुकदमा दबाव में दर्ज किया गया प्रतीत होता है। उन्होंने लूट और हत्या के प्रयास की धाराओं को बढ़ाने, शीघ्र मामले का खुलासा करने और लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने की अपील की। संघ ने स्वर्ण व्यवसायियों के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की भी मांग की, क्योंकि ये व्यवसायी अक्सर अपराधियों के निशाने पर रहते हैं। आत्मरक्षा के लिए प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस प्रदान किए जाने की भी मांग की गई। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो वे आगे की रणनीति बनाने के लिए बाध्य होंगे।
सर्राफा व्यवसायी और बस्ती-खलीलाबाद के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा ने कहा कि सर्राफा व्यापारियों के साथ लगातार घटनाएं हो रही हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं मिल रही है। उन्होंने घटना का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजने, सुरक्षा प्रदान करने और शस्त्र लाइसेंस देने की मांग की। उत्तर प्रदेश सर्राफा एवं स्वर्ण व्यावसायिक संघ बस्ती के जिलाध्यक्ष कुंदन लाल वर्मा ने भी लूट की धारा दर्ज करने, सभी सामान बरामद करने और आरोपियों को जेल भेजने पर जोर दिया। एसपी ने सभी सर्राफा व्यापारियों को आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। यह घटना 19 अप्रैल की देर रात छपिया थाना क्षेत्र के फूलपुर चौराहे से 100 मीटर पहले हुई थी। प्रतिनिधि मंडल में मनकापुर चेयरमैन गोंडा दुर्गेश सोनी,राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंच मंगल वर्मा,सत्य प्रकाश वर्मा,प्रभात सोनी,दीपक सोनी,जितेंद्र सोनी, अशोक वर्मा,गौरव वर्मा अमन वर्मा शिवकुमार वर्मा प्रदीप सोनी सहित काफी सर्राफा व्यापारी उपस्थित रहे है।


