लखीमपुर खीरी में पेट्रोल और डीजल की कमी तथा मूल्य वृद्धि को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों के बीच प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने बताया कि अफवाहों के कारण आम लोगों में घबराहट बढ़ गई है, जिससे पेट्रोल पंपों पर भीड़ की स्थिति बन रही है। शासकीय कार्यों और आपात सेवाओं को प्रभावित होने से बचाने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। जारी निर्देशों के अनुसार, स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित होने से बचाने के लिए 102 और 108 एम्बुलेंस सेवाओं को सबसे पहले डीजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पुलिस, होमगार्ड और अग्निशमन विभाग के वाहनों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। 4 तस्वीरें देखिए… राजकीय सेवाओं में लगे अधिकारी और कर्मचारी अपना आईडी कार्ड दिखाकर पेट्रोल/डीजल ले सकेंगे। शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को भी पहचान पत्र दिखाने पर प्राथमिकता के आधार पर ईंधन मिलेगा। पुलिस विभाग को पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। वहीं, पूर्ति विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी करने और ईंधन की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें। ऐसा करने से कृत्रिम कमी की स्थिति पैदा हो सकती है।


