मां का अंतिम संस्कार कर लौटे राजस्थान के मुकेश चौधरी ने नहीं मनाया विकेट का जश्न, फिर CSK के कप्तान ने यूं किया सलाम

मां का अंतिम संस्कार कर लौटे राजस्थान के मुकेश चौधरी ने नहीं मनाया विकेट का जश्न, फिर CSK के कप्तान ने यूं किया सलाम

Mukesh Chaudhary: एमआई बनाम सीएसके मैच में सभी की नजरें चेन्‍नई के गेंदबाज मुकेश चौधरी पर थीं, क्‍योंकि एक दिन पहले ही वह अपनी मां का अंतिम संस्‍कार करके टीम में लौटे थे। इस मैच में जब मुकेश ने क्विंटन डी कॉक का विकेट लिया तो उन्‍होंने कोई जश्‍न नहीं मनाया। वहीं, मैच के बाद कप्‍तान रुतुराज ने उन्‍हें सलाम करते हुए जीत भी उन्‍हें ही समर्पित की। 

Mukesh Choudhary: आईपीएल 2026 का 33वां मैच गुरुवार की रात एमआई और सीएसके के बीच मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम में खेला गया। इस मैच में सभी की नजरें सीएसके के गेंदबाज मुकेश चौधरी पर थीं, क्‍योंकि एक दिन पहले ही वह अपनी मां का अंतिम संस्‍कार करके टीम में लौटे थे। इस मैच में जब मुकेश चौधरी ने क्विंटन डी कॉक के स्टंप्स उखाड़ दिए, तो कोई जोश नहीं था, कोई जोरदार प्रतिक्रिया नहीं थी और कोई जश्‍न नहीं था। इसके बजाय मुकेश मैदान के बीच चुपचाप खड़े रहे, आसमान की ओर देखते अपनी उंगली ऊपर की ओर उठाई और धीरे से शायद यही कहा ‘मां यह तेरे लिए है’।

एक बेटे की मां को खामोश श्रद्धांजलि

ये एक बेटे की मां को खामोश श्रद्धांजलि थी, जो गहरे दर्द के बावजूद खेलने उतरा था। मुकेश ने राजस्थान के भीलवाड़ा में अपनी मां का अंतिम संस्कार किया था और ठीक अगले ही दिन अपनी टीम की ड्यूटी पर लौट आए। बता दें कि मुकेश की मां का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। इसके बावजूद वह मुंबई इंडियंस के साथ मुकाबले से पहले सीएसके टीम में लौट आए और उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया।

मुकेश को शांत और संयमित स्वभाव के लिए जाना जाता है। पीली जर्सी पहने वह मैदान के बीच में उसी तरह उतरे जैसे वह पिछले मैचों में उतरे थे। उन्होंने दुख का कोई बाहरी संकेत नहीं दिखाया। नई गेंद के साथ उन्होंने उसी तीव्रता के साथ गेंदबाजी की और अपने पहले ही ओवर में सफलता हासिल भी हासिल की। उन्‍होंने एक विकेट लिया, जिसे उन्‍होंने अपनी मां को समर्पित किया।

‘मैं यह जीत उन्हें समर्पित करूंगा’

मैच जीतने के बाद सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ मुकेश के पास गए, उन्हें गले लगाया (मुकेश उस समय काफी भावुक दिख रहे थे), उनसे कुछ देर बात की, और फिर प्रेजेंटेशन के लिए चले गए। जब उनसे मुकेश के बारे में पूछा गया तो गायकवाड़ ने कहा कि उनके लिए यह काफी मुश्किल था। उन्हें मेरा सलाम।

ऐसी मुश्किल स्थिति में मैदान पर उतरने के लिए मानसिक रूप से बहुत हिम्मत चाहिए होती है। वह टीम के लिए और फ्रेंचाइजी के लिए वापस आए, क्योंकि उन्हें पता था कि हमें उनकी जरूरत है। इस जीत का पूरा श्रेय उन्हीं को जाता है। हम सभी उनके साथ खड़े रहना चाहते थे और हमने मिलकर उनके लिए अपना योगदान दिया।

एक नजर मैच पर

चेन्नई सुपर किंग्स ने वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद दर्शकों के जोरदार समर्थन के बीच मुंबई इंडियंस के खिलाफ 103 रनों से शानदार जीत हासिल की। ​सीएसके ने संजू सैमसन की 54 गेंदों पर खेली गई नाबाद 101 रनों की पारी की बदौलत 207/6 का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस 19 ओवरों में महज 104 रन पर ही ऑल आउट हो गई।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *