पंजाब-चंडीगढ़ में गर्मी का कहर, बठिंडा 44 डिग्री:10 जिलों में पारा 40 पार, हीट वेव अलर्ट; 26 से बारिश-आंधी के आसार

पंजाब और चंडीगढ़ में बहुत तेज गर्मी पड़ रही है। नौ से अधिक जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। गुरुवार को बठिंडा में 44.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ है। यह अब तक का सबसे अधिक तापमान है। गर्मी की वजह से सेहत विभाग ने लोगों को दोपहर में घरों से न निकलने की सलाह दी है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज और कल राज्य व चंडीगढ़ में हीट वेव चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। चंडीगढ़ में इस दौरान रातें भी गर्म रहेंगी। वहीं 26 से 29 अप्रैल तक बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। गर्मी के साइड इफेक्ट बठिंडा गर्मी के मामले में टॉप पर पंजाब में 40 डिग्री से अधिक तापमान 10 जिलों में दर्ज किया गया, जबकि 35 से 40 डिग्री के बीच तापमान 7 जिलों में रहा। सबसे गर्म जिला बठिंडा (एयरपोर्ट) रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री दर्ज किया गया। फरीदकोट 42.0 डिग्री, पटियाला 41.6 डिग्री, भाखड़ा डैम (रूपनगर) 41.1 डिग्री, लुधियाना 40.6 डिग्री, गुरदासपुर 40.5 डिग्री, फिरोजपुर 40.2 डिग्री, फाजिल्का 40.2 डिग्री, अमृतसर 40.1 डिग्री, चंडीगढ़ (सिटी) 40.0 डिग्री, एसबीएस नगर 39.5 डिग्री, चंडीगढ़ (एयरपोर्ट) 39.2 डिग्री, पटियाला (AWS) 39.0 डिग्री, पठानकोट 38.8 डिग्री, मोगा 38.7 डिग्री और रूपनगर (रोपड़) 38.5 डिग्री। बिजली की खपत बढ़ी, कट शुरू गर्मी बढ़ने की वजह से पंजाब में बिजली की खपत काफी बढ़ गई है। इस वजह से बिजली विभाग की तरफ से रिपेयर के नाम पर शटडाउन किया जा रहा है। दिन में शहरी से लेकर ग्रामीण एरिया में कट लग रहे हैं। इस वजह से परेशानी बढ़ी हुई है। अस्पतालों का समय बदला पंजाब में गर्मी के मौसम को देखते हुए 16 अप्रैल 2026 से सरकारी अस्पतालों की OPD टाइमिंग में बदलाव किया गया है। अब OPD सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगी। यह व्यवस्था 16 अक्टूबर 2026 तक लागू रहेगी। मरीजों की सुविधा के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर सुबह 7:30 बजे ही खोल दिए जाएंगे, ताकि भीड़ कम हो और लोगों को इंतजार न करना पड़े। यह फैसला बढ़ती गर्मी और लू के असर को देखते हुए लिया गया है, ताकि मरीजों और अस्पताल स्टाफ दोनों को राहत मिल सके। अब आगे क्या मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक 24 और 25 तारीख को राज्य के कुछ इलाकों में लू (हीट वेव) चलने की संभावना है। 25 से 29 तारीख के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान 2-3 डिग्री तक धीरे-धीरे बढ़ेगा, इसके बाद करीब 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है। 26, 27 और 28 तारीख को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 24 अप्रैल को – फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मानसा, संगरूर और पटियाला जिलों में कुछ स्थानों पर लू (हीट वेव) चलने की संभावना है। तापमान 40 से अधिक रहने का अनुमान है। 25 अप्रैल – फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मानसा, संगरूर और पटियाला जिलों में कुछ स्थानों पर लू (हीट वेव) चलने की संभावना है। फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का और मुक्तसर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 26 अप्रैल – पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, एसएएस नगर और पटियाला में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। जबकि पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, एसएएस नगर और पटियाला में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 27 अप्रैल – फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर और मानसा को छोड़कर पूरे पंजाब में कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। फाजिल्का, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर और मानसा को छोड़कर पूरे पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *