Ahmedabad. मौसम विभाग ने 29 अप्रेल तक अहमदाबाद शहर में गर्मी के तेवर कड़े रहने के आसार जताए हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने शहर में ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। इस चेतावनी को देखते हुए अहमदाबाद महानगर पालिका (मनपा) ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। दोपहर के समय बिना वजह घर से बाहर नहीं निकलने को कहा है।
मनपा ने 29 अप्रेल तक लोगों से अपील की है कि लू और गर्मी से बचाव के लिए लोगों को अपनी दिनचर्या में बदलाव करना चाहिए। बाहर निकलते समय हमेशा पानी की बोतल साथ रखें और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ जैसे पानी, नींबू शरबत, छाछ और नारियल पानी का सेवन करें। ताजे फल और सब्जियां खाने की सलाह दी गई है, जबकि तैलीय, बासी और अधिक प्रोटीनयुक्त भोजन से परहेज़ करने को कहा गया है।
मनपा ने नागरिकों को चाय, कॉफी और सॉफ्ट ड्रिंक का सेवन कम करने की सलाह दी है। धूप में निकलते समय छाता, टोपी या स्कार्फ का प्रयोग करने और हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने को कहा है। लंबे समय तक धूप में रहने से बचने और काम के दौरान बीच-बीच में ठंडे स्थान पर आराम करने की अपील की है।
मनपा ने छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। साथ ही नागरिकों को लू के लक्षणों के प्रति जागरूक किया गया है, जिनमें अत्यधिक पसीना आना, थकान, सिरदर्द, चक्कर, त्वचा का लाल व सूखी हो जाना, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी या उबकाई शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
राज्य के तटीय क्षेत्रों में चलेंगी गर्म हवाएं
भारतीय मौसम विभाग ने गुजरात के कुछ हिस्सों के लिए गर्म और उमस भरे मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। राज्य के तटीय क्षेत्रों में 24 और 25 अप्रैल को गर्म और नम हवाओं के कारण असहज परिस्थितियां बने रहने की प्रबल संभावना है।
26 अप्रेल को होना है मतदान
मौसम विभाग की ओर से जताए गए आसार के बीच में ही 26 अप्रेल को मतदान होना है। गर्मी का असर मतदान पर दिख सकता है। भयंकर गर्मी को देखते हुए सुबह और शाम के समय मतदान केन्द्रों पर भीड़ दि्ख सकती है।


