झांसी मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में ललितपुर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में गुरुवार को एक विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बिना टिकट, अनियमित यात्रा करने वाले, धूम्रपान करने वाले और गंदगी फैलाने वाले यात्रियों पर कार्रवाई की गई। दिन भर चले इस अभियान में कुल 294 यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे लगभग 2 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान, विशेष रूप से महिला और दिव्यांग कोचों की भी पड़ताल की गई। इन कोचों में अनाधिकृत रूप से यात्रा कर रहे यात्रियों को हटाकर उचित स्थान पर भेजा गया। इस अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने किया। जांच दल में मुख्यालय के मुख्य टिकट निरीक्षक एमएल मीना, उप मुख्य टिकट निरीक्षक नंद किशोर, अरुण सचान, रघुवीर रजक, साकेत यादव, तथा वरिष्ठ वाणिज्य सह टिकट क्लर्क ज्योतिका साहू और कविता अग्रवाल शामिल थे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा ने बताया कि इस तरह के जांच अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे उचित यात्रा टिकट लेकर और निर्धारित सीमा से अधिक सामान को बुक कराकर ही यात्रा करें। साथ ही, रेल परिसर में धूम्रपान न करने और गंदगी न फैलाने का भी अनुरोध किया गया।


