फरीदाबाद के डबुआ-पाली रोड पर गुरुवार सुबह एक 30 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे नाले के पास पड़ा हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान जयवीर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और फरीदाबाद के डबुआ क्षेत्र में किराए के मकान में अपनी पत्नी शिवानी के साथ रहता था। मृतक की पत्नी शिवानी ने बताया कि जयवीर बुधवार रात करीब 8:40 बजे घर से सब्जी लेने के लिए निकला था। वह रात करीब 8:30 बजे ड्यूटी से घर लौटी थीं, उस समय जयवीर घर पर ही मौजूद था। इसके बाद उन्होंने सब्जी लाने के लिए पैसे लिए और घर से निकल गए, लेकिन रात 9 बजे तक वापस नहीं लौटे। पत्नी ने पड़ोसियों के साथ मिलकर तलाश किया शिवानी के अनुसार, जब जयवीर देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो वह पड़ोसियों के साथ उन्हें ढूंढने के लिए निकलीं, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। सुबह दोबारा तलाश करते हुए वह डबुआ-पाली रोड की तरफ पहुंचीं, जहां सड़क किनारे नाले के पास जयवीर गिरा हुआ दिखाई दिया। उन्होंने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठ सका। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डबुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक के शरीर पर कोई बड़ा चोट का निशान नहीं मिला, हालांकि गले के पास हल्का सा छिलने का निशान दिखाई दिया है। शराब पीने का आदी था मृतक युवक शिवानी ने बताया कि उसका पति जयवीर शराब पीने का आदी था और अक्सर ज्यादा शराब पी लेता था। उन्होंने बताया कि जयवीर पहले राजमिस्त्री का काम करते था, लेकिन पिछले काफी समय से काम छोड़कर घर पर ही रहते था। दोनों का दो साल का एक बेटा भी है। डबुआ थाने के सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि डबुआ-पाली रोड पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान एसीपी विनोद भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने बताया है कि जयवीर ज्यादा शराब पीता था। संभव है कि अधिक शराब पीने की वजह से उसकी मौत हुई हो। हालांकि मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


