‘अटेम्प्ट टू मर्डर’ के लिए बुक हुए ये तीन क्रिकेटर, टीम से बाहर किए जाने पर कोच का फोड़ा था सिर, बोर्ड ने किया सस्पेंड

‘अटेम्प्ट टू मर्डर’ के लिए बुक हुए ये तीन क्रिकेटर, टीम से बाहर किए जाने पर कोच का फोड़ा था सिर, बोर्ड ने किया सस्पेंड

Cricketers suspended on assault charges: क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी (CAP) ने बुधवार को तीन स्थानीय क्रिकेटरों को तत्काल प्रभाव से सभी क्रिकेट गतिविधियों से निलंबित कर दिया है। इन तीनों पर अंडर-19 टीम के कोच एस. वेंकटरमन पर हमले का गंभीर आरोप है। जे. कार्तिकेयन, ए. अरविंदराज और एस. संतोष कुमारन पर आरोप है कि दिसंबर 2025 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की टीम में जगह न मिलने के बाद उन्होंने कोच वेंकटरमन पर हमला किया। हमले में कोच के सिर में चोट आई और उनका कंधा टूट गया।

इस मामले में सेदुरापेट पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई थी। CAP के पूर्व सचिव रहे वेंकटरमन ने अपनी शिकायत में इन तीनों खिलाड़ियों के नाम लिए हैं। शिकायत में भारथीदासन पॉन्डिचेरी क्रिकेटर्स फोरम के सचिव जी. चंद्रन पर भी हमले को उकसाने का आरोप लगाया गया है। कार्तिकेयन पहले ही छह घरेलू मैच खेल चुके हैं, जबकि अरविंदराज और कुमारन रणजी ट्रॉफी में पुडुचेरी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

CAP का बयान और अदालती मामला

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि तीनों खिलाड़ी हत्या के प्रयास और हमले जैसे गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल हैं। यह मामला पुडुचेरी की न्यायिक मजिस्ट्रेट चतुर्थ अदालत में विचाराधीन है। निलंबन के दौरान तीनों खिलाड़ियों को CAP के तुतिपेट स्थित सीचेम कैंपस और किसी भी CAP नियंत्रित परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। वे CAP की ओर से घरेलू या बाहरी किसी भी क्रिकेट टूर्नामेंट में नहीं खेल सकेंगे। यह निलंबन तब तक जारी रहेगा, जब तक अदालत इस मामले में अपना फैसला नहीं सुना देती।

पुडुचेरी क्रिकेट में गहरी समस्याएं

इस घटना से पुडुचेरी क्रिकेट की पुरानी समस्याएं एक बार फिर सामने आ गई हैं। दिसंबर 2025 में इंडियन एक्सप्रेस ने एक विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जिसमें खुलासा हुआ था कि CAP प्रशासन स्थानीय खिलाड़ियों को घरेलू मैचों में पर्याप्त मौका देने से व्यवस्थित रूप से वंचित कर रहा है।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि बाहर के खिलाड़ियों को फर्जी शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और आधार पते के जरिए स्थानीय बताकर टीम में शामिल किया जा रहा था। 2021 के बाद से रणजी ट्रॉफी में पुडुचेरी की तरफ से सिर्फ पांच स्थानीय खिलाड़ी ही खेल पाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *