सतना के लालपुर में नरवाई की आग गांव तक पहुंची:10 मवेशी जिंदा जले, किसानों का लाखों का नुकसान

सतना के लालपुर में नरवाई की आग गांव तक पहुंची:10 मवेशी जिंदा जले, किसानों का लाखों का नुकसान

सतना जिले के उंचेहरा तहसील अंतर्गत लालपुर गांव में बुधवार दोपहर नरवाई की आग ने विकराल रूप ले लिया। खेतों से शुरू हुई यह आग तेजी से फैलते हुए गांव तक पहुंच गई, जिससे कई घर और मवेशी शेड इसकी चपेट में आ गए। इस घटना में करीब 10 मवेशी जिंदा जल गए, वहीं किसानों का रखा अनाज और भूसा भी पूरी तरह राख हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को आग लगने की सूचना दी थी। हालांकि, दमकल वाहन समय पर मौके पर नहीं पहुंच सका, जिसके कारण आग ने और विकराल रूप ले लिया। गांव के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा और लपटों के कारण वे सफल नहीं हो पाए। इस आगजनी में दो किसानों को सर्वाधिक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, दोनों प्रभावित किसानों को मिलाकर लगभग 9 लाख रुपये की क्षति हुई है। मवेशियों की मौत और अनाज-भूसा जलने से किसानों के सामने आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा गया। उन्होंने समय पर राहत न मिलने और लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा प्रदान किया जाए। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने पीड़ितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *