अमेठी-सुलतानपुर राजमार्ग किनारे नौगिरवा गांव में बुधवार दोपहर अज्ञात कारणों से बांस की कोठ में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सड़क किनारे खड़ा एक हरा आम का पेड़ भी उसकी चपेट में आ गया। इस घटना से राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और लंबा जाम लग गया। ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से टिकरी निवासी मनोज सिंह की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं, नौगिरवा निवासी सुरेश सिंह की बांस की कोठ और सिंचाई की पाइपें भी नष्ट हो गईं। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष व्याप्त ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी थी। फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में पहुंचने का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन घंटे बीत जाने के बाद भी दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष देखा गया। आग लगने के कारण राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया था। आग पूरी तरह बुझने से पहले ही पुलिस द्वारा जाम खुलवाने के प्रयास को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। समय पर फायर ब्रिगेड के न पहुंचने और पुलिस के रवैये को लेकर ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति गहरा असंतोष व्याप्त है।


