अमृतसर से सिविल डिफेंस की एक महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल की शुरुआत की जा रही है। गृह मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुसार दिनांक 24 अप्रैल 2026 को रात्रि 8:00 बजे पायटेक्स ग्राउंड, रणजीत एवेन्यू, अमृतसर में एयर रेड/ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस संबंध में सहायक कमिश्नर (जनरल) प्रगति सेठी तथा अतिरिक्त नियंत्रक सिविल डिफेंस एवं जिला कमांडर मनप्रीत सिंह रंधावा ने जानकारी देते हुए बताया कि मॉक ड्रिल की शुरुआत एयर रेड चेतावनी सिग्नल के साथ होगी, जो सायरनों के माध्यम से दिया जाएगा। इसके बाद निर्धारित क्षेत्र में ब्लैकआउट किया जाएगा, जिसमें बिजली विभाग द्वारा केवल संबंधित क्षेत्र की लाइटें अस्थायी रूप से बंद की जाएंगी। इस दौरान आम जनता से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और अनावश्यक लाइटें बंद रखें, जबकि आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।
ड्रिल समाप्त होने पर ऑल क्लियर सिग्नल के रूप में लगभग 2 मिनट तक लगातार तेज सायरन बजाया जाएगा, जो अभ्यास के समाप्त होने का संकेत होगा। इस मॉक ड्रिल के दौरान आग बुझाने, खोज एवं बचाव कार्य, प्राथमिक चिकित्सा, घायलों की ढुलाई, ट्रैफिक नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया जाएगा। इसमें एनसीसी कैडेट्स, सिविल डिफेंस कर्मी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तथा पुलिस बल भी शामिल रहेंगे। अधिकारियों ने कहा कि यह केवल एक रूटीन अभ्यास है और इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करना है, इसलिए लोगों को किसी भी प्रकार की घबराहट नहीं करनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार इस तरह के मॉक ड्रिल पूरे देश में वर्ष में दो बार (अप्रैल और नवंबर माह में) आयोजित किए जाते हैं।


