विश्व पुस्तक दिवस विशेष: जीवन बदलने वाली 10 बेहतरीन किताबें जो हर महिला को पढ़नी चाहिए

विश्व पुस्तक दिवस विशेष: जीवन बदलने वाली 10 बेहतरीन किताबें जो हर महिला को पढ़नी चाहिए

Must Read Books for Women: किताबें वे खिड़कियां हैं जिनसे हम पूरी दुनिया को देख सकते हैं। आप चाहे घर की जिम्मेदारी संभालने वाली गृहिणी हों, ऑफिस जाने वाली कामकाजी महिला हों या किसी भी उम्र की हों, पढ़ना आपके लिए बहुत जरूरी है। पढ़ने से न केवल दुनिया के बारे में पता चलता है, बल्कि हमारी अपनी सोच विकसित होती है और व्यक्तित्व में निखार आता है। एक महिला के लिए किताबें उसके अनुभवों का विस्तार होती हैं। यहां आपके लिए ऐसी 10 किताबों की सूची है, जो आपकी वैचारिक स्पष्टता और प्रेरणा का विस्तार कर सकती हैं। ये किताबें केवल पन्ने नहीं हैं, बल्कि ये एक नए जीवन की शुरुआत करने की प्रेरणा हैं। इनमें से कोई भी किताब चुनिए और अपनी सोच को विस्तार दीजिए। 

मदर इंडिया

लेखक: कैथरीन मेयो

क्यों पढ़ना चाहिए: यह किताब भारतीय समाज में महिलाओं की स्थिति, विशेषकर बाल विवाह और सामाजिक कुरीतियों पर स्पष्ट बात रखती है। यह हमें महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक सुधारों की ऐतिहासिक यात्रा को समझने में मदद करती है।

गुलिवर्स ट्रेवल्स

लेखक: जोनाथन स्विफ्ट

क्यों पढ़ना चाहिए: अजीबोगरीब देशों की यह काल्पनिक यात्रा समाज और मानव स्वभाव पर गहरा कटाक्ष करती है। यह रोमांचक सफर हमें दुनिया की बनावट पर नए ढंग से सोचने के लिए प्रेरित करता है। यह बताती है कि कई यात्राएं हमारे जीवन को बदल देती हैं।

आजादी आधी रात को

लेखक: डोमिनिक लापियरे और लैरी कॉलिंस

क्यों पढ़ना चाहिए: भारत की स्वतंत्रता और उसके आंदोलन का यह एक जीवंत ऐतिहासिक विवरण है। इसमें 1947 के समय के संघर्षों और निर्णयों को कहानी की तरह पिरोया गया है, जिसे पढ़कर इतिहास के प्रति समझ बढ़ती है और देश के प्रति गौरव।

द सेकंड सेक्स

लेखक: सिमोन द बोउआर

क्यों पढ़ना चाहिए: यह नारीवाद की सबसे महत्वपूर्ण किताबों में एक है। यह महिलाओं की पहचान, उनके अस्तित्व और समाज में उनकी जगह को लेकर बहुत ही गहरी और प्रेरणादायक समझ विकसित करती है। इसका टाइटल स्त्री के दोयम दर्जे को दर्शाता है।

द फिजियोलॉजी ऑफ टेस्ट

लेखक: जीन एंथले ब्रिलैट-सावरिन

क्यों पढ़ना चाहिए: भोजन, स्वाद जीवन के बड़े आनंद हैं। इस आनंद पर आधारित यह बहुत ही दिलचस्प रचना है कि कैसे खाना केवल जरूरत नहीं, बल्कि एक कला और दर्शन भी है, जो हमें अध्यात्म तक से जोड़ता है।

ऐ लड़की

लेखक: कृष्णा सोबती

क्यों पढ़ना चाहिए: यह अपने जीवन के आखिरी दिन जीती हुई मां और उसकी बेटी की कहानी है। दोनों के बीच गहरा भावनात्मक संवाद है, जो डॉयलॉग के रूप में आता है। यह किताब यादों, स्त्रीत्व, रिश्तों और जीवन के गुजरते समय को सुंदर और सकारात्मक नजरिए से पेश करती है।

कसप

लेखक: मनोहर श्याम जोशी

क्यों पढ़ना चाहिए: यह एक अनोखी प्रेम कहानी है, जो मानवीय संवेदनाओं और रिश्तों की जटिलताओं को टटोलती है। यह पारंपरिक प्रेम के दायरे से बाहर निकलकर प्यार को उसके वास्तविक और निडर रूप में पेश करती है।

द बेल जार

लेखक: सिल्विया प्लाथ

क्यों पढ़ना चाहिए: यह एक ऐसी युवती की कहानी है, जो दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रही है। यह किताब मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाती है और विपरीत स्थितियों में खुद को पहचानने का हौसला देती है। यह युवती की मनोवैज्ञानिक पड़ताल करती है।

रसीदी टिकट

लेखक: अमृता प्रीतम

क्यों पढ़ना चाहिए: यह मशहूर लेखिका अमृता प्रीतम की जादुई आत्मकथा है। यह पुरुष प्रधान जगत में एक महिला की बेबाक और सुंदर भावनात्मक यात्रा है, जो हमें खुद के प्रति ईमानदार होना सिखाती है। जीवन की समझ देती है।

ए रूम ऑफ वन्स ओन

लेखक: वर्जीनिया वुल्फ

क्यों पढ़ना चाहिए: यह हर उस महिला के लिए है जो कुछ नया रचना चाहती है। यह बताती है कि महिलाओं के सपनों की उड़ान के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता और खुद का एक मानसिक स्थान कितना जरूरी है।

कई सारे जीवन जीने का मौका

लेखक मैट हैग का कहना है कि हर किताब आपको एक और जीवन जीने का मौका देती है, जो आप जी सकते थे या जीना चाहते रहे हैं। हम प्रेम में नहीं पा सके तो प्रेम कहानी पढ़ना, यात्रा नहीं कर पाए तो यात्रा की किताबें पढ़ना, दुनिया नहीं घूम पाएं तो दुनियाभर के लेखकों की चुनिंदा किताबें पढ़ना आपको एक नहीं, कई-कई जीवन से रूबरू करवाता है। यहां एक संतुष्टि और होती है कि जिस जीवन को हम खुद के लिए समस्याओं से भरा मान रहे हैं, वो अन्य के लिए कहीं ज्यादा मुश्किल रहा है। यहां से कृतज्ञता का भाव शुरू होता है और किताबें इस भाव को मजबूत करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *