बिना नोटिस दिए शिव मंदिर की दीवार तोड़ने पहुंची नगर निगम टीम, हंगामे के बाद बैरंग लौटी

बिना नोटिस दिए शिव मंदिर की दीवार तोड़ने पहुंची नगर निगम टीम, हंगामे के बाद बैरंग लौटी

बरेली। सीबीगंज इलाके में बुधवार सुबह नगर निगम की टीम अचानक एक प्राचीन शिव मंदिर की बाउंड्री वॉल तोड़ने पहुंच गई। बिना किसी पूर्व सूचना के हुई इस कार्रवाई से स्थानीय लोग भड़क उठे और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह नगर निगम के कर्मचारी और अधिकारी मंदिर परिसर के बाहर पहुंचे और दीवार तोड़ने की तैयारी करने लगे। यह देखते ही आसपास के लोग और मंदिर से जुड़े श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि उन्हें इस कार्रवाई की कोई जानकारी पहले नहीं दी गई।

आस्था से जुड़ा है मंदिर, ऐसे कैसे तोड़ देंगे

स्थानीय निवासियों ने साफ कहा कि यह मंदिर वर्षों पुराना है और उनकी धार्मिक आस्था का केंद्र है। बिना नोटिस या वैकल्पिक व्यवस्था के इस तरह दीवार तोड़ने की कोशिश को उन्होंने गलत बताया। एक व्यक्ति ने कहा कि टीम अचानक आई और बिना वजह बताए काम शुरू करने लगी, लेकिन सवाल करने पर कोई जवाब नहीं मिला। मौके पर बढ़ते विरोध और तनाव को देखते हुए नगर निगम की टीम ने कार्रवाई रोक दी और वापस लौट गई। हालांकि, टीम की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया कि वे किस आदेश के तहत यहां पहुंचे थे। घटना के बाद भी नगर निगम या प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और लोग असमंजस में हैं।

सड़क चौड़ीकरण या अतिक्रमण हटाने की चर्चा

स्थानीय स्तर पर कयास लगाए जा रहे हैं कि यह कार्रवाई सड़क चौड़ीकरण या अतिक्रमण हटाने के तहत हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से साफ-साफ स्थिति बताने की मांग की है। घटना के बाद इलाके में हल्का तनाव जरूर रहा, हालांकि स्थिति फिलहाल सामान्य है। लोगों का कहना है कि अगर कोई विकास कार्य होना है तो पहले बातचीत की जाए और धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *