शाहजहांपुर में बर्थडे पार्टी के बाद हाइवे पर हुड़दंग, VIDEO:कार से लटककर और सनरूफ से निकलकर बनाए रील्स

शाहजहांपुर में बर्थडे पार्टी के बाद हाइवे पर हुड़दंग, VIDEO:कार से लटककर और सनरूफ से निकलकर बनाए रील्स

शाहजहांपुर में जन्मदिन की पार्टी के बाद युवाओं द्वारा हाइवे पर खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। तेज रफ्तार कार से लटककर रील्स बनाने का वीडियो सामने आया है, जिसमें युवक खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते और पुलिस को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। घटना सोमवार रात सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इलाके के एक ढाबे पर एक युवक का जन्मदिन मनाया गया था। जिस पर पहले से कई मुकदमे दर्ज होने की बात कही जा रही है। पार्टी में बड़ी संख्या में युवक शामिल हुए थे। पार्टी के बाद युवक कई कारों में सवार होकर हाइवे पर निकल पड़े और तेज रफ्तार में गाड़ियां दौड़ाने लगे। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक कारों की खिड़कियों से बाहर लटककर और सनरूफ से निकलकर वीडियो बना रहे हैं। इस दौरान न सिर्फ उन्होंने अपनी जान जोखिम में डाली, बल्कि अन्य राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा किया। इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त और हाइवे पर निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में कहीं भी पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आ रही है। बताया जा रहा है कि जिस युवक का जन्मदिन मनाया गया, वह क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर बताया जाता है और उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। थाना प्रभारी उमेश मिश्रा ने बताया- उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी नहीं थी। फिलहाल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *