Jaipur Crime: दिल्ली बायपास पर खतरनाक स्टंट, तलवारों संग हुड़दंग करने वाले 13 युवक पुलिस के हत्थे चढ़े

Jaipur Crime: दिल्ली बायपास पर खतरनाक स्टंट, तलवारों संग हुड़दंग करने वाले 13 युवक पुलिस के हत्थे चढ़े

जयपुर। दिल्ली बायपास पर तलवारें लहराते हुए खतरनाक स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा एक्शन लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर गलतागेट थाना पुलिस ने अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो वाहनों को जब्त किया गया है। इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी थी।

यह वीडियो भी देखें

डीसीपी (नॉर्थ) करन शर्मा के अनुसार, 19 अप्रेल की रात करीब 10:30 बजे एक वीडियो सामने आया, जिसमें 20 से अधिक बाइकों पर सवार 40-50 युवक दिल्ली बायपास पर चुंगी सर्कल से ईदगाह की ओर शोर मचाते हुए जा रहे थे। युवक हाथों में डंडे और तलवारें लहरा रहे थे और तेज रफ्तार में खतरनाक स्टंट कर रहे थे। इससे न केवल उनकी खुद की जान जोखिम में थी, बल्कि राहगीरों में भी दहशत फैल गई।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

एसीपी (रामगंज) आदित्य पूनिया ने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद दबिश देकर 12 आरोपियों को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया। वहीं तलवार लहराने वाले मुख्य आरोपी साहिल के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

हाईवे पर हुड़दंग मचाया

पुलिस जांच में सामने आया कि ये सभी युवक आंधी दरगाह में मेला देखकर झुंड में लौट रहे थे और इसी दौरान उन्होंने हाईवे पर हुड़दंग मचाया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए बाइक लहरा रहे थे और चलती बाइक पर तलवारें घुमा रहे थे।

इनको किया गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आमेर निवासी फरहान, गलतागेट निवासी असगर अली, मोहम्मद अजीम, अजरूद्दीन उर्फ अज्जु, सलीम कुरैशी, जिशान खान, सोहिल, शोएब उर्फ गबरू, रमजानी, जाहिद, सोएब, साहिल और लालकोठी निवासी तौसिफ खान शामिल हैं। इसके अलावा कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में इस तरह की हरकतों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *