गोरखपुर के चौरी-चौरा क्षेत्र से एक मारपीट और बवाल का मामला सामने आया है। जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। यह घटना रविवार को कुर्मी टोला चौराहे पर हुई, जहां ‘आर्यन हार्डवेयर एंड ट्रेडर्स’ नाम की दुकान पर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई से लाठी-डंडों तक पहुंच गया। आसपास के लोगों ने बताया कि- पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। पढिए पूरा मामला गोरखपुर के चौरी-चौरा क्षेत्र के कुर्मी टोला चौराहे पर ‘आर्यन हार्डवेयर एंड ट्रेडर्स’ नाम की दुकान है। रविवार को दुकान मालिक और कुछ लोगों में मारपीट हो गया। दुकान के मालिक विद्यासागर यादव ने आरोप लगाया कि “मेरे दुकान के ठीक सामने नशे में धुत एक व्यक्ति पेशाब कर रहा था। मैने उसको मना किया। लेकिन वो पेशाब करते रहा। इसके बाद थोड़ी निकझोक हुई। थोड़ी देर में मामला शांत हो गया। लेकिन कुछ समय के बाद वह व्यक्ति अपने 8-10 साथियों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर मेरी दुकान में घुस गया।” आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडों से लैस थे और सीधे दुकान में घुस गए। उन्होंने विद्यासागर यादव को घेरकर बुरी तरह पीटा। इस दौरान दुकान में रखे महंगे इलेक्ट्रिकल सामानों को भी नुकसान पहुंचाया गया। इतना ही नहीं, मारपीट के बाद लूटपाट करने का भी आरोप लगाया गया है। इलाके में दहशत दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय बाजार में डर का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि इलाके में नशेड़ियों और अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और उन्हें कानून का कोई डर नहीं रह गया है। व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने की कार्रवाई मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग में चालान किया गया है।


