सिद्धार्थनगर में दर्दनाक हादसा… बूढ़ी राप्ती नदी में डॉक्टर और MBBS छात्र की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम

सिद्धार्थनगर में दर्दनाक हादसा… बूढ़ी राप्ती नदी में डॉक्टर और MBBS छात्र की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम

सिद्धार्थनगर में सोमवार का दिन काफी मनहूस रहा यहां मेडिकल कॉलेज में पोस्ट एक जूनियर डॉक्टर और MBBS सेकंड ईयर के छात्र की जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र में राप्ती नदी में डूबने से मौत हो गई, दोनों मेडिकल कॉलेज के दोस्तों के साथ राप्ती नदी में नहाने पहुंचे थे। दोस्तों ने जब उन्हें डूबता देखा तो मदद के लिए चिल्लाए, जब तक ग्रामीण पहुंचते तब तक दोनों गहरे पानी में विलीन हो चुके थे।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया, लगभग तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। जानकारी के मुताबिक मृतक डॉक्टर बस्ती का, जबकि MBBS छात्र राजस्थान के सवाई माधोपुर का रहने वाला था। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। परिवारों को सूचना दी गई है। मामला जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र का है।

जूनियर डॉक्टर और MBBS छात्र नहाने के दौरान गहरे पानी में हुए विलीन

जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय पर माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज है। यहां के जूनियर डॉक्टर सत्यम नायक सोमवार की शाम करीब 4 बजे अपने चार दोस्तों के साथ कार से बांध क्षेत्र में योग माया मंदिर पहुंचे। शाम के समय सभी बूढ़ी राप्ती नदी में नहाने उतर गए तभी नहाते-नहाते सत्यम गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

सत्यम को बचाने के लिए MBBS छात्र सचिन आगे बढ़ा, लेकिन वह भी संतुलन खोकर डूबने लगा, कुछ ही देर में दोनों लापता हो गए। उनके 2 साथी विनीत और नितेश ने मदद के लिए शोर मचाया, तब तक आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सचिन और सत्यम नदी में डूब चुके थे।

पुलिस और गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान, दोनो के शव बरामद

ग्रामीणों ने फौरन पुलिस को सूचना दी, सूचना मिलते ही जोगिया पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह ने गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दोनों शवों को बाहर निकलवाया। मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने सचिन और सत्यम को सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बता दें कि सत्यम नायक बस्ती का निवासी था।

2018 में GSBM मेडिकल कॉलेज, कानपुर से एमबीबीएस किया था। वर्तमान में माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर के पद पर तैनात था। वहीं, सचिन महावर मूल रूप से सवाई माधोपुर का निवासी था। मेडिकल कॉलेज में सेकंड ईयर का छात्र था।

ASP प्रशांत कुमार ने बताया कि चार छात्र नदी में नहाने गए थे, जिनमें से दो की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकलवाया गया, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *